Home Sports News गैरवरीय तमारा जिदानसेक सेमीफाइनल में

गैरवरीय तमारा जिदानसेक सेमीफाइनल में

0
गैरवरीय तमारा जिदानसेक सेमीफाइनल में
Paris: Slovenia's Tamara Zidansek celebrates as she defeats Spain's Paula Badosa during their quarterfinal match of the French Open tennis tournament at the Roland Garros stadium Tuesday, June 8, 2021 in Paris. AP/PTI(AP06_08_2021_000163A)

जनवाणी ब्यूरो |

नई दिल्ली: स्लोवेनिया की गैरवरीय टेनिस खिलाड़ी तमारा जिदानसेक मंगलवार को फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में स्पेन की पाउला बडोसा को शिकस्त देकर ग्रैंडस्लैम के अंतिम चार में पहुंचने वाली अपने देश की पहली महिला खिलाड़ी बन गई। इस फ्रेंच ओपन से पहले जिदानसेक किसी भी ग्रैंडस्लैम में दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ी थी।

पहली बार ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल में पहुंची दो खिलाड़ियों के मुकाबले में विश्व रैंकिंग में 85वें स्थान पर काबिज जिदानसेक ने बडोसा को करीबी मैच में 7-5, 4-6, 8-6 से हराया। फ्रेंच ओपन इकलौता ग्रैंडस्लैम है जहां आखिरी सेट के बाद स्कोर बराबर हाने पर भी टाई ब्रेकर नहीं होता है। जिदानसेक ने पहला सेट अपने नाम किया लेकिन बडोसा ने दूसरा सेट जीत कर स्कोर बराबर कर दिया।

तीसरे और निर्णायक सेट में जिदानसेक ने जब 6-5 की बढ़त हासिल की तब बडोसा ने गुस्से में अपने रैकेट को जमीन पर पटक दिया। उन्होंने वापसी की लेकिन जिदानसेक ने तीन ब्रेक अंक बचाकर 7-6 से बढ़त कायम कर ली। अगले गेम में शानदार फॉरहैंड के दम पर उन्होंने मैच अपने नाम कर लिया।

जूनियर स्तर पर स्नोबोर्डिग में तीन बार राष्ट्रीय चैंपियन रही जिदानसेक सेमीफाइनल में ऐलेना रयबाकिना या अनास्तासिया पाव्लुचेनकोवा के मैच के विजेता से भिड़ेंगी। इस 23 साल की खिलाड़ी ने टूर्नामेंट के पहले दौर में सातवीं वरीयता प्राप्त बियांका आंद्रेस्क्यू को हराया था।