जनवाणी ब्यूरो |
शामली: नथ धारावाहिक में क्षत्रिय समाज को अत्याचारी दिखाने के विरोध में राजपूत उत्थान सभा ने शामली कोतवाली पर प्रदर्शन किया। उसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी के माध्यम से एक ज्ञापन प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजते हुए धारावाहिक पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की।
शनिवार को राजपूत उत्थान सभा के जिला अध्यक्ष अनिवेश पुंडीर के नेतृत्व में क्षत्रिय समाज के युवक कोतवाली पहुंच। उन्होंने कोतवाली के गेट पर प्रदर्शन किया। उसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि दंगल चैनल पर “नथ जेवर या जंजीर” धारावाहिक का प्रसारण हो रहा है। इस तहत धारावाहिक में छत्रिय यानी ठाकुर समाज का बलात्कारी, अत्याचारी, दुराचारी आदि प्रकार से चरित्र चित्रण किया गया है। इसके विपरीत क्षत्रिय समाज राष्ट्रभक्त, सर्वस्व बलिदान करने वाला एवं नारी जाति को सदा पूजने वाला रहा है जिस प्रकार से “नथ” धारावाहिक में क्षत्रिय समाज को नारी के प्रति दुराचारी, अति कठोर और ऐसे ही शुरू होने का चरित्र चित्रण किया गया है , उससे क्षत्रिय समाज आहत है।
इस प्रकार के चरित्र चित्रण से क्षत्रिय समाज को जो राष्ट्रवाद नारी भक्त रहा है, की भावनाएं आहत हुई हैं। इसिलये प्रदेश एवं देश में उक्त “नथ”धारावाहिक को तत्काल प्रभाव से सुधारा जाए या उसका प्रसारण बंद किया जाए। ऐसा ना होने की दशा में क्षत्रिय समाज आंदोलन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

