- अचानक कार्यालय पहुंचकर चेक किया उपस्थिति रजिस्टर
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: जिला प्रोबेशन विभाग में मिल रही शिकायतों के बाद नगर मजिस्ट्रेट ने बतौर प्रभारी अधिकारी आज प्रोबेशन कार्यालय पहुंचकर रिकार्ड खंगाले जिससे विभागीय कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया। नगर मजिस्ट्रेट ने यहां पहुंचकर सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर अपने कब्जे में कर लिया। काफी देर तक प्रभारी अधिकारी के यहां जमे रहने से महकमें के कर्मचारियों की सांसे अटकी रही।
दरअसल जिला प्रोबेशन विभाग में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डीएम सीबी सिंह ने नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह को जिला प्रोबेशन विभाग का प्रभारी अधिकारी बनाते हुए नई जिम्मेदारी दी थी। नई व्यवस्था के तहत अभिषेक कुमार सिंह प्रतिदिन प्रोबेशन विभाग कार्यालय में भी विभागीय कार्याे की निगरानी करेंगे।
शनिवार को उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण करते हुए साफ कहा कि सभी कर्मचारियों को समय से आना होगा। कार्यालय में टाइम से ना आने वालों पर भी कड़ी कार्यवाही होगी। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि किसी तरह की भी प्रोबेशन विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नही होगी । लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होगी। उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर पर अभी भी जांच चल रही है। इसके बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।
निष्पक्ष और साफ छवि वाले अफसर है अभिषेक
नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह निष्पक्ष और साफ छवि वाले पीसीएस अफसरों में गिने जाते हैं। यही कारण है कि जिलाधिकारी सीबी सिंह ने उन्हे कई मामलों की जांच सौंपते हुए उन्हे जिला प्रोबेशन विभाग की नई जिम्मेदारी दी है। नगर पालिका से संबंधित जांच कोई जांच रही हो या अन्य प्रशासनिक कामों में नियम विरूद्ध राजनीतिक सिफारिशों को सिरे से खारिज कर उन्होने नियम के तहत काम कर अपना अलग मकाम हासिल किया है।

