- कोरोना संक्रमण से दो दिनों में हो चुकी दो मौत
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: नगर क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के लगातार मामले सामने आने व दो दिन में दो लोगों की मौत के बाद भी लोग कोरोना के प्रति सतर्कता बरते बिना बेखौफ घूम रहें हैं। लोग बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं और कुछ लोग भीड़ भरे बाजारों में भी मास्क तक का प्रयोग नहीं कर रहे हैं।
नगर क्षेत्र में लगातार दो दिनों में उपचार के दौरान एक वृद्ध तथा एक चिकित्सक की कोरोना से संक्रमित होने पर उपचार के दौरान मौत हो गयी। इसके बावजूद लोग कोरोना के खतरे से बेपरवाह सोशल डिस्टेंसिंग के दो गज की दूरी के नियम को दरकिनार कर खुले आम भीड़ के बीच घूम रहे हैं।
इतना ही नहीं नगर में भीड़ के चलते विभिन्न मार्गों और चौराहों पर कोरोना काल से पूर्व की तरह जाम लगते भी दिखायी दे रहे हैं। बाजार में आने वाले अधिकांश लोग बिना मास्क के ही बाजारों में आवागमन कर रहे है।
ऐसे लोग न सिर्फ अपनी जान के दुश्मन है बल्कि इस प्रकार के लोगों से समाज के अन्य लोगों को भी कोरोना का संक्रमण फैलने के खतरे से इंकार नहीं किया जा सकता है।
वहीं इन सबको लेकर अब पुलिस प्रशासन भी केवल फ्लैगमार्च के दौरान या चैकिंग के दौरान ही बिना मास्क वालों को टोक रही है। यही कारण है कि नगर में अब लोग बिना मास्क घूम कर व बिना सोशल डिस्टेसिंग के कोरोना को दावत दे रहे हैं।

