- व्यापारी बोले-नगर निगम परिसर में ही बने मल्टीलेवल पार्किंग
- अपर नगरायुक्त से की मुलाकात अधिकारी ने मौके का किया निरीक्षण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मल्टीलेवल पार्किंग शहर की जरूरत है और यह जल्द से जल्द बनाई जानी चाहिए। जिससे शहर के बड़े बाजारों में लगने वाला जाम दूर किया जा सके। मल्टीलेवल पार्किंग की समस्या को लेकर शुक्रवार को व्यापारी नगर निगम कार्यालय पहुंचे और यहां अपर नगरायुक्त से मुलाकात कर उन्हें पार्किंग की समस्या के बारे में बताया। इस दौरान व्यापारियों ने नगर निगम परिसर में ही पार्किंग बनाये जाने की मांग की। इस दौरान अपर नगर आयुक्त ने पार्किंग स्थलों का निरीक्षण भी किया और व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान होगा।
बता दें कि शहर में मल्टीलेवल पार्किंग को लेकर कई बार सवाल उठ चुके हैं। शहर की जाम की समस्या को दूर करने के लिये नगर निगम की ओर से मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जानी है। इसकी जमीन तलाशने का भी कार्य किया जा रहा है। टाउन हॉल में पहले मल्टीलेवल पार्किंग बनाये जाने की योजना थी, लेकिन फिर विवाद होने के बाद इसमें अड़Þंगा लग गया। जिस कारण यहां अभी तक कोई प्लांनिग नहीं हुई।
पार्किंग की इस समस्या को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल और सराफा एसोसिएशन के सदस्य यहां अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय से मिले। बता दे कि अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय ने यहां अभी हाल ही में पदभार ग्रहण किया है। शुक्रवार को मल्टीलेवल पार्किंग को लेकर उन्होंने व्यापारियों से बात की। इस मौके पर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष विष्णु दत्त पाराशर व संयुक्त व्यापार संघ के मंत्री व मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल व अन्य सदस्यों ने उन्हें समस्याओं से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि मेरठ का सराफा बाजार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े बाजार में है। यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं, ऐसे में पार्किंग स्थल यहीं नगर निगम परिसर में होना चाहिए। जिससे यहां मौजूद घंटाघर, वैली बाजार, सराफा बाजार, गुदड़ी बाजार समेत कई बाजारों की समस्या का समाधान हो जायेगा। इस मौके पर व्यापारियों ने सुझाव दिया कि नगर निगम का पीछे का हिस्सा है उसे तुड़वाकर नगर निगम परिसर में ही पार्किंग बनवाई जा सकती है। इसके अलावा यहां नगर निगम की ही थाने के बराबर में जमीन है, जहां पार्किंग बनाई जा सकती है।
इसके अलावा शास्त्रीनगर स्थित नई सड़क के पास भी काफी संख्या में खाली जमीन है। व्यापारियों ने आबूलेन और हापुड़ अड्डे की जाम की समस्या को भी उनके सामने रखा। इस मौके पर अपर नगरायुक्त ने व्यापारियों के साथ संभावित स्थानों का निरीक्षण किया और उनकी मांग पर आलाधिकारियों से वार्ता करने की बात कही। मौके पर पहुंचकर अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय ने मौके की स्थिति देखी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां पर्याप्त जगह है। मल्टीलेवल पार्किंग बनाये जाने के लिये। उन्होंने इसे लेकर जल्द से जल्द बात करने की बात कही साथ ही जल्द से जल्द यहां मल्टीलेवल पार्किंग की समस्या को दूर कराये जाने की बात कही। इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार मदान, आकाश प्रकाश मांगलिक, हापुड़ अड्डा व्यापारा संघ के अकरम गाजी, अनूप यादव, विनोद त्यागी आदि मौजूद रहे।

टाउन हॉल के पास असामाजिक तत्वों का कब्जा
नगर निगम का टाउन हॉल के पास वर्तमान में गाड़ियों की पार्किंग की जाती है। यहां खड़ी गाड़ियों में अक्सर सामान चोरी होने की शिकायत मिलती है। इसे लेकर यहां ठेकेदार भी परेशान है। शुक्रवार को जब जनवाणी की टीम यहां पहुंची तो टाउन हॉल के ठीक बाहर ही असामाजिक तत्वों ने जगह कब्जा रखी थी। यहां खुलेआम जुआ और अन्य आपराधिक कृत्य हो रहे हैं, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है। शुक्रवार को अपर नगरायुक्त ने भी यहां टाउन हॉल के बाहर पार्किंग की व्यस्था को लेकर निरीक्षण किया था। इस दौरान पार्किंग ठेकेदार ने उनके असमाजिक तत्वों की शिकायत की जिस पर उन्होंने कार्रवाई करने की बात कही।
अंग्रेजों के जमाने का बना यह टाउन हॉल अपने आप में बड़ा ऐतिहासिक हॉल है। इस टाउन हॉल में ही पार्षदों की मीटिंग होती है। इसके अलावा यहां एक स्वास्थ्य केन्द्र और पुस्तकालय भी है। यहां चौधरी कांट्रेक्टर के पास पार्किंग का ठेका है। उन्होंने बताया कि यहां अक्सर असामाजिक तत्वों का कब्जा रहता है। नशा और जुआ करने वाले लोग यहां जगह कब्जाये रहते हैं। कई बार इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस इस संबंध में लापरवाही बरत रही है। पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती जिस कारण यहां आने वाले लोगों को परेशान होना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि यहां गाड़ियों को पार्क किया जाता है। कई बार यहां लोग गाड़ी के सामान चोरी होने तक की शिकायत करते हैं, लेकिन उसके बावजूद पुलिस आंखे मूंदे है। नगर निगम के अधिकारी भी इस ओर कोई ध्यान नहीं देते हैं। शुक्रवार को यहां मल्टीलेवल पर्किंग के लिये जगह का निरीक्षण करने पहुंची अपर नगर आयुक्त से भी पार्किंग ठेकेदार ने इसकी शिकायत की। जिसके बाद उन्होंने जल्द से जल्द यहां व्यवस्थाओं में सुधार किये जाने की बात कही।
बता दें कि टाउन हॉल पर इस प्रकार से असामाजिक तत्वों का कब्जा होना अपने आप में एक बड़ा सवाल है। यहां नगर निगम के पार्षद एकत्र होते हैं। जिनके जिम्मे शहर के विकास की बागड़ौर होती है। ऐेसे में जब नगर निगम की इस जगह पर भी गंदगी, कूड़ा और असामाजिक तत्वों का कब्जा होगा तो वह शहर को किस प्रकार से सही रख पायेंगे। यह अपने आप में एक गौर करने वाला विषय है।
अपनी जमीन से नहीं हटा सके कब्जा?
शहर में नगर निगम के 80 वार्ड हैं, यानि इन वार्डों में 80 पार्षद हैं और इन पार्षदों के जिम्मे ही उनके क्षेत्र के विकास कार्य होते हैं। नगर निगम पूरे शहर की व्यवस्था संभालता है, लेकिन टाउन हॉल के हालातों को देखकर लगता है कि अपनी ही जमीन की रक्षा नहीं कर पा रहा है। नगर निगम की इस प्रॉपर्टी के के बाहर यानि टाउन हॉल के बाहर इस प्रकार से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होना अपने आप में ही एक प्रश्न खड़ा करता है।

