जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: कृषि अध्यादेशों और बेरोजगारी आदि मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरते हुए सपाइयों ने रामलीला मैदान में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा कार्यकतार्ओं ने सरकार विरोधी नारे लगए।
नगर विधायक संजय गर्ग, जिला उपाध्यक्ष फरहाद आलम गाड़ा, महानगर अध्यक्ष आजम शाह व पूर्व मंत्री सरफराज खान के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन हुआ। इसमें सपा नेताओं ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से किसान, व्यापारी, मजदूर और नौजवान व आमजन सभी परेशान हैं।
उन्होंने केंद्र द्वारा लागू कृषि अध्यादेशों को किसान विरोधी करार देते हुए कहा कि सरकार किसानों को बरबाद करने का एक ओर कदम सरकार उठा रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरकार को इन अध्यादेशों को वापिस लेना ही होगा। सपा नेताओं ने कोरोना के बढ़ते मामले और इलाज की बदहाली का मुद्दा उठाया तो निजीकरण के मुद्दे पर भी गरजे।
सपा नेताओं ने सरकार पर बदले की भावना से काम करने और सपा नेताओं को झूठे मामलों में फसाने के आरोप लगाते हुए कानून व्यवस्था पर हल्ला बोला। साथ ही महंगाई, स्कूल फीस माफी और एससी बच्चों के स्कूलों में निशुल्क प्रवेश आदि को ले कर भी रोष जताया। फैसल सलमानी, अब्दुल गफूर, वासिल तोमर, नवाब गुर्जर, आकाश, पुरुषोत्तम, सागर आदि बड़ी संख्या में सपाई मौजूद रहे।

