- शहर में चार स्थानों पर पार्किंग की हो सकती है व्यवस्था
- कंकरखेड़ा, जीआईसी मेरठ कालेज के पास चिन्ह्ति किये गये स्थान
- नगर निगम कार्यालय के पास जमीन अभी नहीं की गई चिह्नित
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मल्टीलेवल पार्किंग का मुद्दा इस समय गर्माया हुआ है। हर कोई शहर में मल्टीलेवल पार्किंग की मांग कर रहा है। दूसरा कहा जाये तो शहर की जरूरत भी है मल्टीलेवल पार्किंग। सराफा बाजार पिछले कई वर्षों से यहां घंटाघर के पास ही मल्टीलेवल पार्किंग की मांग करता आ रहा है।
अभी हाल ही में भी अधिकारियों ने इसे लेकर नगर निगम परिसर में जमीन का निरीक्षण किया था, लेकिन कोई बात बनती नजर नहीं आई, लेकिन नगर निगम की ओर से शहर में चार अन्य जगहों को चिह्नित किया है जहां मल्टीलेवल पार्किंग बनाये जाने की योजना है। इससे जल्द ही शहर से जाम की समस्या दूर होगी।
शहर में कई बड़े बड़े बाजार हैं जहां मेरठ के अलावा अन्य शहरों से भी लोग खीरदारी करने आते हैं। शहर का सराफा बाजार, वैली बाजार, लाला का बाजार, खैरनगर यह सब बाजार नगर निगम के पास ही स्थित है। इसलिये सराफा बाजार यहां नगर निगम परिसर में ही इन बाजारों के लिये मल्टीलेवल पार्किंग की मांग करता नजर आ रहा है, लेकिन बात पूरे शहर की हो तो शहर में शास्त्रीनगर, लालकुर्ती, आबूलेन समेत कई बाजार हैं। जहां शहर से बाहर से लोग खरीदारी करने आते हैं और यहां पार्किंग की सही व्यवस्था न होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, लेकिन नगर निगम की ओर से शहर की व्यवस्था सुधारने के लिये प्रयास किये जा रहे हैं।
चार अन्य स्थानों को पार्किंग के लिये किया चिह्नित
सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह ने बताया कि शहर में मल्टीलेवल पार्किंग की जरूरत है यह सब मानते हैं। नगर निगम परिसर में अभी इसके लिये कोई स्थान चिन्ह्नित नहीं किया गया है, लेकिन शहर में चार अन्य स्थानों को चिह्नित किया गया है। जहां पार्किंग की व्यवस्था की जा सकती है। उन्होंने बताया कि नगर निगम हर बेहतर प्रयास कर रहा है कि लोगों को जाम से मुक्ति दिलाई जाये।
नगर निगम की ओर से शहर में जीआईसी के सामने, सरधना रोड शिवचौक के सामने, नेहरू रोड और मेरठ कालेज के सामने सिविल कोर्ट के बराबर में पार्किंग के लिये जगह चिह्नित की गई है। यहां नगर निगम की ओर से व्यवस्था कर जल्द ही कार्य योजना बनाई जायेगी और कार्य शुरू कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि यह कार्य जल्द से जल्द शुरू हो। इसके लिये योजना तैयार की जा रही है अगर सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही कार्य शुरू होगा।

