- ई-रिक्शा में भरकर बड़ौत ले जाया जा रहा था
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात चेकिंग के दौरान ई-रिक्शा में भरा करीब एक कुंतल दूषित मीट पकड़ा है। पुलिस ने मीट के साथ एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस के तमाम प्रयास के बाद भी कस्बे में अवैध पशु कटान रूक नहीं पा रहा है। पशु तस्कर बिना कोई मानक पूरा किए अवैध रूप से पशु कटान करते हैं और आसपास के क्षेत्र में सप्लाई करते हैं।
इस संबंध में पुलिस को लगातार शिकायत भी मिल रही हैं लेकिन पशु कटान रोकने के लिए पुलिस ने अभी तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है। कस्बा प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस बुधवार की रात दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहा ई-रिक्शा में एक व्यक्ति पहुंचा। पुलिस ने उसे रोक लिया और पूछताछ करने लगी।
उसने अपना नाम समीर बताया और वह पुराने कस्बे का रहने वाला है। उसने बताया कि रिक्शा में मीट लदा है और वह मीट लेकर बड़ौत जा रहा है। पुलिस के अनुसार रिक्शा में करीब एक कुतंल मीट लदा था। बताया गया है कि जांच में मीट दूषित पाया गया है। पुलिस ने मीट व्यापारी का विधिक कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया है।

