- पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कराया मामला शांत
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: थाना सिंघावली अहीर क्षेत्र के गांव सैड़भर में गली में एक मकान के सामने पशुओं के अवशेष मिलने के बाद गांव में तनाव व्याप्त हो गया। इस दौरान ग्रामीणों ने एक विशेष समुदाय के लोगों पर अवशेष गली में फेंकने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। थाना प्रभारी का कहना है कि ऐसा लगता है कि कुत्तों ने अवशेष वहां छोड़ दिए हैं।
गांव सैड़भर में जैसे ही गुरूवार को सुबह सत्यपाल अपने मकान से बाहर निकला तो उसने गली में अपने मकान के बाहर पशुओं के अवशेष पड़े देखे । इससे वह आक्रोशित हो गए। उन्होंने वहां ग्रामीणों को इकठ्ठा कर लिया और हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान सामने वाले मकान से एक सम्प्रदाय विशेष का व्यक्ति आया और अवशेष वहां उठवा दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि समुदाय विशेष के लोगों ने ही गली में अवशेष डाले हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस भी गांव में पहुंची और लोगों को वहां से भगाया। थाना प्रभारी का कहना है कि गली में किसी ने अवशेष नहीं डाले हैं। लगता है कि कोई कुत्ता अवशेष उठाकर वहां ले आया और वहीं छोड़ गया। उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया।

