जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सरकार द्वारा तीन कृर्षि कानून लागू किए जाने के खिलाफ और लखीमपुर खीरी घटना के आरोपी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर किसानों ने धरना प्रदर्शन किया।
जिला अध्यक्ष मनोज त्यागी व विनोद दबथुवा ने बताया कि पिछले एक साल से किसान तीन कृषि कानून को निरस्त किए जाने व न्यूनतम समर्थन मूल्य का कानून बनाए जाने की मांग को लेकर आंदोलित हैं, लेकिन इसके बावजूद भी केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। प्रदर्शन के दौरान लखीमपुर खीरी की घटना में मारे गए किसानों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुुए कहा कि सरकार किसानों के हको को कुचलने का प्रयास कर रही है।
प्रदर्शनकारी किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपती हुए मांग की कि तीनों कृषि कानून को तत्काल वापस किया जाना चाहिए और लखीमपुर खीरी घटना के आरोपी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय टेनी को गिरफ्तार किया जाए। इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने यह भी मांग की कि पिछले दिनों बारिश व बाढ़ के कारण किसानों की धान, दलहन, तिल, आलू आदि फसल को जो भारी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई करने के लिए सरकार पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दे। इस दौरान प्रदर्शन के दौरान बबलू, गजेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, वीरपाल, कुलदीप त्यागी, अजय आदि मौजूद रहे।
कृषि कानून के खिलाफ भाकियू ने दिया ज्ञापन
इंचौली: बीते दिनों लखीमपुर में भाजपा से राज्य मंत्री के बेटे द्वारा गाड़ी से कुचलकर हुए शहीद किसानों को लेकर थाना इंचौली में ज्ञापन दिया। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष राजकुमार प्रधान के नेतृत्व में किसानों और ग्राम प्रधानों ने मिलकर थाना इंचौली के सामने प्रदर्शन किया और एसओ इंचौली श्योपाल सिंह को ज्ञापन दिया और सरकार को किसानों की हत्या के साजिश के आरोपी केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को गिरफ्तार कर पार्टी से निष्कासित करने की मांग की। इस मौके पर महेंद्र पाल जाटव, गौरव विकल, रविकुमार, भजन सिंह वर्मा, मारूफ, पीयूष, पवन आदि मौजूद रहे।

