जनवाणी संवाददाता |
नूरपुर: मुम्बई के भिवंडी इलाके में चार दिन पूर्व गिरी तीन मंजिला इमारत जिलानी बिल्डिंग मे दबने से ताजपुर के एक युवक की भी मौत हुई है। चार दिन बाद बुधवार की शाम को मलबे से उसका शव निकाला गया तो वहां मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, यह खबर घर पहुंची तो परिवार में चीख पुकार मच गई।
जनपद बिजनौर के नूरपुर थानार्गत गांव राजा का ताजपुर निवासी मुजफ्फर हुसैन के पुत्र 30 वर्षीय हैदर हुसैन अंसारी अपने तीन भाईयों के साथ मिलकर मुम्बई के भिवंडी इलाके में बेकरी का काम करता था।
लॉकडाउन में चारों भाई घर आ गये थे। कुछ दिन पूर्व ही वापस मुम्बई गये थे। वहां वे जिलानी बिल्डिंग में रह रहे थे। तीन भाई पिछले सप्ताह ही घर वापस आ गये। जबकि हैदर वहीं रह गया।
चार दिन पूर्व उक्त बिल्डिंग गिर गई। जिसके मलबे में हैदर दब गया। चार दिन बाद बुधवार की शाम को मलबे से उसका शव निकाला गया तो वहां मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया।
उधर, यह दुखद खबर घर पहुंची तो परिजनों में चीख पुकार मच गई। पत्नी नसरीन और मां शायदा खातून का रोते रोते बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों सहित भरापूरा परिवार रोते बिलखते छोड़ गया।
इस दुखद घटना से गांव में गम का माहौल है। क्षेत्रीय विधायक हाजी नईमुल हसन, डॉ. शमशाद अहमद, ग्राम प्रधान सुरेश सैनी आदि ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।

