जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जिला अस्पताल में लोग कोविड के नियमों का उल्लंघन करते हुए देखे जा सकते हैं। प्यारेलाल जिला चिकित्सालय में बड़ी संख्या में लोग कोविड की जांच एवं अन्य उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। पर्चा काउंटर हो या फिर दवा काउंटर लोग दो गज की दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं और न ही मास्क लगा रहे हैं।
अस्पताल में हो रही लापरवाही बड़ी समस्या बन सकती है। उधर, जिला अस्पताल की ओपीडी में वार्ड ब्वॉय, स्ट्रेचर की कमी रही। यहां गंभीर और चलने फिरने में लाचार मरीजों की मदद को वार्ड ब्वॉय तक नहीं मिल पा रहे। जिसके चलते मरीजों एवं तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन आंखें मूंदे बैठा है। तीमारदारों खुद ही मरीज की व्हीलचेयर खींचकर ले जाना पड़ रहा है। साथ ही स्ट्रेचर भी तीमारदार स्वयं ही खींचकर ले जा रहे हैं। उधर, पर्चा और दवा काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइन लगी होने के कारण मरीजों को पर्चा बनवाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। पर्चा बनवाने के लिए मारामारी और धक्का-मुक्की हुई। सबसे ज्यादा परेशानी सुबह नौ से 11 बजे तक रही। यहां सभी चार काउंटर पर भारी भीड़ जमा थी। जिसके कारण घंटों लाइन में लगने के बाद मरीजों का पर्चा बन पाया। वहीं, अस्पताल में व्यवस्था बनाने के लिए कोई गार्ड भी मौजूद नहीं है, जिसके चलते सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा है।

