- 50 व्यापारियों ने जीएसटी और इनकम टैक्स से संबंधित कागजात जमा किये
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: चोरी के वाहनों के कमेले के रुप में बदनाम सोतीगंज का बाजार तीसरे दिन भी बंद रहा। एसएसपी के फरमान के बाद पचास कबाड़ियों ने जीएसटी और इनकम टैक्स से संबंधित फाइलें सदर थाने और लालकुर्ती थाने में जमा कर दी है। पुलिस अब इन फाइलों में कैद कागजों की जांच पड़ताल करेगी।
इसके बाद बाजार को खुलवाने का निर्णय लिया जाएगा। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने सोतीगंज की सभी दुकानें बंद करने का फरमान दिया है। जब तक दुकानदार खुद को दागरहित साबित नहीं कर देंगे तब तक सोतीगंज के व्यापार पर ताला लगा रहेगा। एएसपी सूरज राय ने सख्ती से एसएसपी के आदेशों का पालन करवाया।

लगातार दो दिनों तक बाजार बंद रहने से सुबह के समय सोतीगंज के व्यापारियों ने बैठक कर तय किया कि सही काम करने वाले दुकानदार अपने कागजात सदर थाने में जमा कर दें और सही साबित हो जाने के बाद अपनी दुकानें खोल लें। एसएसआई सदर ने बताया कि 15 और कबाड़ियों ने जीएसटी, इनकम टैक्स और वाहनों से संबंधित कागजों की फाइलें बनाकर थाने में जमा कर दी है।
वहीं लालकुर्ती थाने में भी करीब तीस व्यापारियों ने अपनी फाइलें जमा करा दी है। सोतीगंज प्रकरण में लालकुर्ती थाने को भी जांच दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साफ सुथरे व्यापारियों को आने वाले समय में दुकानें खोलने की अनुमति दी जाएगी।

