- कोर्ट का हवाला देते हुए पुलिस ने गोदाम व दुकान को किया सील
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सोतीगंज में पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। पुलिस की इस सख्ती से अब फरार अपराधी भी खुद सरेंडर करने लगे है। पुलिस सोतीगंज के मोस्ट वांटेड कबाड़ियों पर शिकंजा कसती जा रही है। हाजी गल्ला पर कार्रवाई के बाद अब पुलिस ने गुरुवार को हाजी इकबाल के बेटे अबरार के गोदाम पर कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस की कुर्की कार्रवाई के दौरान चार माह से फरार चल रहा अबरार भी पुलिस के सामने सरेंडर करने पहुंच गया।
हाालंकि इसके बावजूद पुलिस ने कोर्ट का हवाला देते हुए हाजी अबरार का करीब 20 लाख रुपये का माल सील कर दिया। गुरुवार की सुबह एएसपी कैंट सूरज राय कई थानों की पुलिस और पीएसी बल के साथ सोतीगंज पहुंचे। भारी भरकम पुलिस बल को देख वहां लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। वहीं, कबाड़ियों में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया। एएसपी सूरज राय सीधे हाजी इकबाल के पुत्र अबरार के तीन मंजिला मकान पर पहुंची।
मकान के नीचे अबरार की दुकान और ऊपर की मंजिल पर गोदाम बना हुआ है। पुलिस ने कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए अबरार की दुकान व गोदाम को सील कर दिया। इस दौरान एएसपी को अबरार के गोदाम में करीब 20 लाख रुपये के स्पेयर पार्ट्स मिलें, जिनकी फोटोग्राफी कराई गई।

कुर्की की कार्रवाई के बीच में अबरार ने किया सरेंडर
गोदाम व दुकान की कुर्की होने के दौरान चार माह से फरार चल रहा अबरार तत्काल एएसपी के सामने सरेंडर करने पहुंच गया। अबरार ने एएसपी को जीएसटी रसीदों के अलावा गोदाम में रखे सामान से संबंधित रसीद भी दिखाई। इसके बावजूद एएसपी ने कुर्की कार्रवाई में दखल न देने की बात कही और उसे पुलिस हिरासत में लेने को कहा। हालांकि हाजी इकबाल और उसके दो बेटे पहले से ही जिला कारागार में बंद है।

35 कबाड़ियों के खिलाफ हो चुकी गैंगस्टर की कार्रवाई
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने तीन दशकों से चल रहे सोतीगंज के कबाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 35 कबाड़ियो के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए पूरी तरह उनकी कमर तोड़ दी है। यही नहीं पुलिस अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति को भी कुर्क कर चुकी है। यही नहीं अब एसएसपी ने वांछित कबाड़ियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सोतीगंज को अग्रीम आदेश तक पूरी तरह बंद कराया हुआ है। जिससे सोतीगंज के कबाड़ियों में हड़कंप मचा हुआ है।

