- सपा कार्यकर्ताओं ने निकाला जुलूस, डीएम कार्यालय का किया घेराव
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश में कई सपा नेताओं के आवासों पर इनकम टैक्स विभाग के अफसरों द्वारा की गई छापामार कार्यवाही के विरोध में शनिवार को सपा कार्यकर्ता उग्र रूप से सड़कों पर उतरे और भाजपा सरकारों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना दिया।
शनिवार को प्रदेश हाईकमान के निर्देश पर महावीर चैक स्थित सपा कार्यालय पर सपा नेताओं की आकस्मिक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने कार्यकर्ताओं को जानकारी दी कि भाजपा सरकारों द्वारा द्वेषपूर्ण कदम उठाते हुए विपक्ष को परेशान किया जा रहा है और आज सपा नेताओं के आवासों पर इनकम टैक्स की रेड डलवाकर दबाव बनाने का प्रयास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की योगी मोदी सरकार द्वारा आगामी विधानसभा चुनावों को प्रभावित करने के लिए भय का माहौल बनाने की साजिश के तहत सपा नेताओं पर छापों का हम विरोध करते हैं। इसके बाद कार्यालय से जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी के नेतृत्व में सैंकड़ों कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता जुलूस के रूप में भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम कार्यालय पर धरना दिया।

यहां प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कई शहरों में समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों के ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी की गई है। इनमें आगरा में मनोज यादव, लखनऊ में जैनेंद्र यादव, मऊ में राजीव राय के घर छापेमारी सहित करीब एक दर्जन लोगों के घर और दफ़्तरों पर छापेमार कार्यवाही की गई, जो सरासर गलत है और चुनाव से पूर्व दबाव बनाने की राजनीति का हिस्सा है।
सपा नेताओं ने कहा कि आज इसके विरोध में प्रदेश भर में कार्यकर्ता अपना रोष प्रकट कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान राकेश शर्मा, उमा किरण, महेश बंसल, शौकत अंसारी, अलीम सिद्दीकी, जिया चैधरी, राहुल वर्मा, सचिन अग्रवाल, शमशेर मलिक, युसुफ गौर, शलभ गुप्ता, असद पाशा, रागिब कुरैशी, गौरव जैन, सलीम मलिक सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

