जनवाणी संवाददाता |
नानौता: घरों में साफ सफाई का काम करने वाली महिला की जहर के सेवन से मौत हो गई। मृतका अपने पीछे रोता-बिलखता हुआ परिवार छोड़ गई है। अभी तक महिला के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। नगर के ओलरा मार्ग निवासी 32 वर्षीय रीना पत्नी संदीप घर में साफ सफाई का काम करती थी। सोमवार की दोपहर महिला ने अचानक जहर का सेवन कर लिया।
जैसे ही स्वजनों को इसकी जानकारी हुई तो आनन फानन में महिला को लेकर वें अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बीच रास्ते महिलाने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार पर कहर टूट पडा। मृतका का पति रोते बिलखते कह रहा था कि उसकी बसी बसाई दुनिया पल भर में खत्म हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। मृतका के पति ने बताया कि वह नगर में कहीं घर में साफ सफाई का काम करती थी और उक्त व्यक्ति द्वारा उसकी पत्नी पर घर से पैसे चोरी करने का झूठा आरोप लगाया गया था। इसी से क्षुब्ध होकर उसकी पत्नी ने यह कदम उठाया है।

