- शांतिपूर्वक चुनाव की तैयारियों में जुटा पुलिस प्रशासन
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: उत्तर प्रदेश 2022 विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। जिला अधिकारी जसजीत कौर व पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देश पर रविवार को थानाभवन कस्बे के लाला लाजपतराय इंटर कॉलेज में एडिशनल एसपी ओपी सिंह के नेतृत्व में थाना थानाभवन, गढ़ीपुख्ता व बाबरी थानों की पुलिस फोर्स को बलवा ड्रिल कराई गई। बलवा ड्रिल में रिहर्सल के दौरान कुछ दंगाइयों को द्वारा नारेबाजी की जाती हैं।

जिसके बाद दंगाइयों को रोकने के तरीकों के अनुसार एलआईयू विभाग के कुछ कर्मी उनके पास जाते हैं तथा उनके द्वारा किए जा रहे बवाल की सूचना उच्चाधिकारियों को दी जाती हैं। दंगाई द्वारा लगातार पुलिस प्रशासन मुदार्बाद, हमारी मांगे पूरी करो के नारे लगाए जाते हैं। जिसके बाद कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा दंगाइयों के पास जाकर उनकी मांग सुनी जाती हैं। पुलिस के आश्वासन के बाद भी जब दंगाई नहीं मानते तो उसके बाद वाटर कैनन का प्रयोग किया जाता है। लगातार दंगाइयों द्वारा पथराव करने के बाद दंगाइयों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े जाते हैं।
दंगाइयों के लगातार पथराव व उपद्रव करने के कारण पुलिस की एक यूनिट उच्चाधिकारी के निर्देश पर लाठीचार्ज करती हैं। बाद में रिजर्व में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा लाठीचार्ज के दौरान घायल दंगाइयों को उठाकर लाया जाता हैं। बलवा ड्रिल के दौरान 12 बोर की गन, आंसू गैस के गोले, बुलेट फायर, डाई मार्कर आदि से पुलिस फोर्स की मॉक ड्रिल कराई गई। इस दौरान थानाभवन क्षेत्राधिकारी अमित सक्सेना, ट्रेनी क्षेत्राधिकारी अमरदीप मौर्य, थानाभवन थाना प्रभारी अनिल कप्परवान, बाबरी थाना अध्यक्ष वीरेंद्र कसाना, गढ़ीथाना प्रभारी महावीर सिंह आदि पुलिसकर्मी सहित फायर बिग्रेड़ की गाड़ी और अग्निशमन अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

