जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: जिला शिक्षक कर्मचारी संयुक्त परिषद के हारुन अली मनव्वर को जिला महा सचिव के पद पर जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने मनोनीत किया। इस मौके पर राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त हारुन अली मनव्वर ने कहा कि परिषद के लिए वह मेहनत से काम करेंगे। शिक्षकों की इस समय काफी मांगे लंबित हैं।
शिक्षकों को पुरानी पेंशन से दो-चार होना पड़ रहा है। मेडिकल की सुविधा नहीं मिल रही है। उन्होंने बताया कि जूनियर हाईस्कूल के शिक्षकों को प्रोन्नत करके उन्हें प्रधानाचार्य पद पर नियुक्त करना चाहिए। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की कई मांग ऐसी हैं, जिन्हें सरकार ने रोक रखा है। पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जाए।
बेसिक शिक्षा परिषदीय अध्यापकों को मेडिकल कैशलेस भत्ता दिया जाए। अध्यापकों को चुनाव संबंधी कार्य से मुक्त किया जाए। पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य को जिसका ग्रेड पे 5400 हो उसे राजपत्रित अधिकारी का दर्जा दिया जाए। माध्यमिक शिक्षा परिषदीय विद्यालयों को राजकीय विद्यालय बनाया जाए।

