- शहर काजी व पांच अन्य मौलानाओं ने निगम में लगवाया कोरोना से बचाव का टीका
- कोरोना टीका लगवाने के लिए मस्जिदों से करायेंगे ऐलान: मौलवी फरीद
सहारनपुर: शहर काजी नदीम अख्तर और जामा मस्जिद प्रबंधक मौलवी फरीद ने लोगों से कोविड वैक्सीन लगवाने की अपील करते हुए कहा है कि कोविड वैक्सीनेशन हमें कोरोना से बचाती है और सुरक्षित करती है।

उन्होंने कहा कि जो अन्य बीमारियों से ग्रस्त है उन्हें कोराना टीका जरुर लगवाना चाहिए। इस अपील के साथ ही शहर काजी और पांच अन्य मौलानाओं ने नगर निगम परिसर स्थित कोरोना कैंप में कोरोना वैक्सीन लगवाकर कोरोना टीका पूर्णत: सुरक्षित होने का संदेश भी दिया।
नगर निगम द्वारा सोमवार को मुस्लिम तंजीमों, मदरसों व मस्जिदों के प्रतिनिधियों की आयोजित बैठक में शहर काजी और मौलवी फरीद ने तंजीमों के सभी प्रतिनिधियों के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया कि कोरोना वैक्सीन कोरोना से बचाव का एक मात्र उपाय है और यह अनिवार्य रुप से सबको लगवाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोरोना टीके को लेकर फैलायी जा रही अफवाहें निराधार हैै। उनके साथ बैठक में मौजूद मुस्लिम तंजीमों व मदरसो और मस्जिदों के प्रतिनिधियों ने भी एक मत से कोरोना वैक्सीनेशन का समर्थन किया।
मौलवी फरीद ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि पांचों वक्त की नमाज के बाद मस्जिदों से भी कोरोना वैक्सीनेशन कराने का ऐलान कराया जायेगा। मौलवी फरीद मजाहिरी ने कहा कि जिस तरह पोलियो के लिए हम लोगों ने प्रयास किये थे वैसे ही कोराना टीकाकरण के लिए प्रयास करने होंगे।

