- करीब तीन हजार पुलिस कर्मियों ने डोज नहीं लगवाई
- एसपी सिटी ने थानेदारों को हड़काया, टीम बनाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एक तरफ सरकार हेल्थ वर्करों को बूस्टर डोज लगवाने के लिये कैंप लगवा रही है। वहीं, पुलिस विभाग में ऐसे तमाम लोग हैं। जो बूस्टर डोज नहीं लगवा रहे हैं। इनके पीछे कारण यह बताया जा रहा है कि चुनाव आयोग के निर्देश है कि जिन लोगों ने बूस्टर डोज नहीं लगवाई है वो ड्यूटी पर नहीं भेजे जाएंगे।
इस वक्त जनपद में तीन हजार ऐसे पुलिसकर्मी है। जिन्होंने बूस्टर डोज नहीं लगवाई है। एसपी सिटी ने सभी थानेदारों को वायरलेस पर हड़का कर पुलिसकर्मियों से तत्काल बूस्टर डोज लगवाने के निर्देश दिये हैं। इस वक्त मेरठ में 5789 पुलिसकर्मी है। इनमें 2779 लोगों ने बूस्टर डोज लगवा ली है और 3010 पुलिसकर्मी बूस्टर डोज से वंचित है।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि कोतवाली 60, देहलीगेट 51, लिसाड़ीगेट 17, ब्रह्मपुरी 77, परतापुर 44, टीपी नगर 88, सदर बाजार 34, रेलवे रोड 46, लालकुर्ती 40, सिविल लाइन 28, मेडिकल 76, नौचंदी 48, दौराला 14, कंकरखेड़ा 63, पल्लवपुरम 51, गंगानगर 26, इंचौली 33, भावनपुर 34, परीक्षितगढ़ 48, किठौर 64, खरखौदा 8, मुंडाली 24, सरधना 61, सरूरपुर 49, जानी 23, रोहटा 29, मवाना 87, बहसूमा 3, फलावदा 48, हस्तिनापुर 45, महिला थाना 40, एएचटीयू 5, पुलिस लाइन 594, डायल 112 में 182, ट्रैफिक आफिस 113, एमटी शाखा 45, फायर बिग्रेड 66, रेडियो शाखा 30, पेशी 43, कचहरी सुरक्षा 44 और अभियोजन कार्यालय में 29 पुलिसकर्मी ऐसे हैं। जिन्होंने अभी तक बूस्टर डोज नहीं लगवाई है।
बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सभरवाल ने जब बूस्टर डोज को लेकर मेरठ की खराब हालत को देखकर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद एसपी सिटी ने सभी थानेदारों को हड़का कर कहा कि अगर बूस्टर डोज नहीं लगवाई गई तो एक दिन के लिये गैरहाजिर कर दिया जाएगा।
वायरलेस पर हड़काने के बाद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और थानेदारों ने लिस्ट बनानी शुरू कर दी। एसपी सिटी ने सीएमओ डा. अखिलेश मोहन से बात करके पुलिस लाइन में कैंप लगवाने की बात की। एसपी सिटी ने बताया कि अर्द्धसैन्य बलों के काफी लोगों को बूस्टर डोज लगा दी गई है। वहीं, पुलिस लाइन में दो दिन का कैंप लगाया जा रहा है।

