- 111 मरीज हुए ठीक, 572 सक्रिय मामले
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जनपद में कोरोना की तीसरी लहर अब धीमी होने लगी है। संक्रमित कम होने के साथ ही सक्रिय केस में गिरावट आई है। सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी 50 से कम नए केस मिले हैं। जहां सक्रिय केस कम हो रहे हैं, वही ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा है। सक्रिय मरीज और होम आइसोलेशन में और गिरावट दर्ज हुई है। हालांकि सोमवार को एक बुजुर्ग ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है।
सर्विलांस अधिकारी डा. अशोक तालियान ने बताया कि सोमवार को 4587 लोगों के सैंपल की जांच में 44 की रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जनपद में 111 और मरीज कोरोना को मात देकर ठीक हुए हैं। बताया कि सक्रिय केस अब 572 और होम आइसोलेशन में 558 मामले रह गए हैं। सोमवार को 5797 नए लोगों के नमूने जांच को लैब भेजे गए और अस्पताल में 14 नए संक्रमित भर्ती किए हैं।
44 मरीजों में 37 नए और सात संपर्क के केस हैं। डा. तालियान ने बताया कि मृतक बुजुर्ग ए टू जेड कालोनी मोदीपुरम के रहने वाले थे। उनकी उम्र 60 वर्ष थी और ब्रेन हेमरेज का शिकार होने पर ग्लोबल हॉस्पिटल पल्लवपुरम में उपचार करा रहे थे। सोमवार को जनपद में दौराला क्षेत्र में सबसे अधिक 10 केस मिले हैं।
1297 बूस्टर डोज समेत 24044 को लगी वैक्सीन
जनपद में सोमवार को 24044 लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया है। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग, हेल्थ वर्कर्स व फ्रंटलाइन वर्कर्स को 1297 बूस्टर डोज लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. प्रवीण गौतम ने बताया कि सोमवार को जनपद में 15 से 17 आयु वर्ग में 3466 किशोरों को पहली और 2510 को दूसरी खुराक दी गई।

बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 7411 ने कोरोना से बचाव का पहला टीका लगवाया है। दोनों वर्ग में पहली डोज लेने वालों की कुल संख्या 10877 रही। वहीं, 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 9360 लोगों ने कोरोना से बचाव की दूसरी खुराक ली है। सात फरवरी तक 99.09 फीसदी को खुराक मिली चुकी है। जबकि जिले में 23441 अभी पहले खुराक से अछूते हैं।
74.35 फीसदी को दूसरी डोज
सात फरवरी तक जनपद में 74.35 फीसदी लोगों को कोरोना से बचाव की दूसरी खुराक मिल चुकी है। इसमें 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग में 71.7 फीसदी और 15 से 17 आयुवर्ग में 3.28 फीसदी लोग शामिल हैं।

