जनवाणी संवाददाता |
गंगोह : सड़क पार करते समय तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने युवक को कुचल दिया और उसके भाई ने कूद कर अपनी जान बचाई। युवक की मौके पर ही मौत हो जाने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। अचानक हुए हादसे से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
गंगोह-करनाल हाईवे पर गांव गांधी नगर के पास गुरूवार को दुर्घटना घटित हुई। गांव गांधी नगर निवासी 42 वर्षीय राजकुमार पुत्र जगदीश का सडक के पास ही मकान है। रोजाना की तरह ही राजकुमार और उसका भाई सत्यपाल अपने पशु लेकर खेत मे जाने के लिए घर से निकले थे।
जब वह सडक पार कर रहे थे तभी एक तेज गति से आई ट्रैक्टर-ट्राली ने राजकुमार को कुचल दिया जबकि उसके भाई ने किसी तरह खड्डे में कूद कर अपनी जान बचाई। दुर्घटना में राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
गुस्साए ग्रामीणों ने सडक पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने के बाद सीओ मोहम्मद रिजवान और कोतवाली प्रभारी प्रवेंद्र पाल सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह लोगों को समझा-बुझा कर जाम खुलवाया। शव को पोस्टमार्टम पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया है जबकि दुर्घटना के बाद चालक कोहरे का फायदा उठा कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के भाई सत्यपाल की तहरीर पर वाहन चालक के विरुद्ध धारा 304ए के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

