जनवाणी संवाददाता |
कैराना: आपूर्ति निरीक्षक ने कालाबाजारी के लिए जा रही राशन के सरकारी चावल से भरी पिकअप गाड़ी को पकड़ा है। टीम ने गाड़ी चालक को हिरासत में लेने के साथ ही, मामले में कार्यवाही शुरू कर दी।
शुक्रवार शाम करीब 7 बजे आपूर्ति निरीक्षक दीपा वर्मा ने अपनी टीम के साथ इस्लाम नगर में राशन के सरकारी चावल से भरी पिकअप गाड़ी को पकड़ी। आपूर्ति निरीक्षक द्वारा गाड़ी चालक राकिब से चावल संबंधी कागज मांगे तो वह कागज नहीं दिखा सका। जिस पर आपूर्ति निरीक्षक ने पुलिस को मौके पर बुला लिया।
बाद में सरकारी चावल के 74 कट्टों को जहानपुरा की राशन डीलर इमराना की सुपुर्दगी में दे दिया गया। आपूर्ति निरीक्षक दीपा वर्मा ने बताया कि मौके से कालाबाजारी के लिए जा रहे राशन के चावल के 74 कट्टे पकड़े गए हैं। इस मामले में जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

