जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राजस्थान के कोटा में बुधवार सुबह सिटी मॉल में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित झालावाड़ रोड की है, जहां मॉल की दूसरी मंजिल पर आग भड़क उठी। उस समय अधिकांश दुकानें बंद थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
तेजी से पहुंचीं दमकल टीमें
सुबह करीब 10:30 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आ गया। महज 10 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से कुल 12 से अधिक दमकल वाहन लगाए गए, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया।
बर्गर किंग आउटलेट के पास भड़की आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग मॉल के ऊपरी हिस्से में बर्गर किंग के पास लगी, जिसके बाद तेजी से धुआं और लपटें फैल गईं। आग बुझने के बाद भी दूसरे फ्लोर पर लंबे समय तक धुआं बना रहा।
मॉल खाली कराया गया, लोग घबराए
घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन ने मॉल को खाली कराया। अंदर मौजूद लोग घबराकर बाहर निकलते दिखाई दिए, जबकि कुछ लोग घटनास्थल के वीडियो बनाते नजर आए। आग का धुआं 1 से 2 किलोमीटर तक फैल गया, जिसके चलते आसपास के क्षेत्र को भी खाली कराया गया।
अधिकारी मौके पर मौजूद
सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। वहीं, जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया और अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
फिलहाल मॉल बंद
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मॉल को फिलहाल बंद कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पूरी सुरक्षा जांच और फायर सेफ्टी ड्रिल के बाद ही मॉल को दोबारा खोला जाएगा।

