- कार में जबरन डालकर ले गए तीन युवक, कहीं कुछ पता नहीं लगा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिनदहाड़े युवक को जबरन उठाकर कार में डालकर ले जाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार खड़ी है। कार के आसपास तीन लोग खड़े हैं। एक आदमी कार के गेट पर खड़ा है। तभी वहां से एक युवक गुजरता है। कार के गेट के पास खड़ा आदमी युवक को जबरन पकड़ता है और फिर गाड़ी में डाल कर ले जाते हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
घटना रुड़की रोड पर कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में जैन शिकंजी के पास की है। दिनदहाड़े जिस युवक का अपहरण किया गया, उसका नाम शिवम है। सरधना के सलावा का रहने वाला शिवम पुत्र राजेंद्र सिह दुबई में एक कंपनी में इलेक्ट्रीशियन की नौकरी करता है। वह दुबई से तीन महीने पहले छुट्टी लेकर आया है। शुक्रवार को अपने दो दोस्तों के साथ घर से निकला था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। परिवार के लोग तलाश रहे हैं।
सरधना थाना क्षेत्र के सलावा गांव निवासी राजेंद्र ने शुक्रवार रात पुलिस को बताया कि उनका बेटा शिवम (24) शुक्रवार सुबह 10 बजे गांव से कंकरखेड़ा के लिए निकला था। जब देर रात तक युवक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई थी। जिसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में युवक की तलाश की थी। वहीं, युवक का नंबर भी बंद आ रहा था। इसके बाद परिजनों ने सरधना व कंकरखेड़ा में युवक की तलाश शुरू की थी। जिसके बाद परिजनों को जीतपुर निवासी राजा नाम के युवक की जानकारी हुई। जिसने बताया कि शिवम शोभापुर निवासी दो युवकों से मिलने के लिए गया है।
कंकरखेड़ा थाना प्रभारी का कहना है कि शिवम नामक युवक के परिजन आए थे, अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। युवक सरधना का रहने वाला है परिजनों ने एक सीसीटीवी दिखाया है। जिसमें युवक को ले जाते हुए देखा जा रहा है, पूरा मामला जानने के लिए संबंधित क्षेत्र के सीसीटीवी चेक कराए जा रहे हैं। पूरे हाइवे के सीसीटीवी की जांच हो रही है और उनके जरिये देखा जा रहा है कि शिवम को ले जाने वाले कौन लोग हैं।
स्कार्पियो सवार दुकानदार को उठा ले गए
मेरठ: सफेद कार में सवार होकर आधा दर्जन हथियारबंद लोगों ने हापुड़ रोड पर परचून की दुकान चलाने वाले युवक का अपहरण कर लिया। हालांकि गाड़ी में डालकर ले जाने वालों ने खुद को एसटीएफ से जुड़ा बताया लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल सका। परिवार के लोग तलाश रहे हैं। फिलहाल कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। परिवार के लोगों ने शंका जतायी कि एसटीएफ अगर ले गई है तो झूठे मामले में फंसा सकती है। एसएसपी ने जांच के आदेश दिये हैं।
लिसाड़ी गेट के श्यामनगर का रहने वाला शाहिद ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित अंजुम पैलेस के निकट परचून की दुकान चलाता है। गत 19 सितंबर को शाहिद दुकान पर बैठा हुआ था। तभी दुकान पर एक सफेद कलर की स्कार्पियो से 5-6 लोग उतरे। किसी ने भी पुलिस की वर्दी नहीं पहनी हुई थी। उन्होंने खुद को एसटीएफ का बताया और जबरन शाहिद को स्कार्पियो में डाल लिया। इस दौरान आसपास के लोगों ने उनका विरोध किया तो उन्होंने एसटीएफ बताते हुए उन्हें धमका दिया। तभी से परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे हैं।
लेकिन जानकारी नहीं मिल पाई। इसके चलते शनिवार को शाहिद का भाई दीन मोहम्मद दर्जनों लोगों के साथ एसएसपी आॅफिस पहुंच गया। दीन मोहम्मद ने एसएसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि 19 सितंबर को स्कार्पियो सवार आधा दर्जन युवकों ने उसके भाई का अपहरण कर लिया था। स्कार्पियो सवार खुद को एसटीएफ का बता रहे थे। पीड़ित दीन मोहम्मद ने बताया कि स्कार्पियो पर टीएसआईएसएस लिखा था। तभी से उसका भाई गायब है। उसके बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है।
मां के साथ दवाई लेने जा रही बेटी को कार सवार ने किया अगवा
सरूरपुर: मां के साथ दवाई लेने जा रही बेटी को कार सवारों ने अगवा कर लिया। थाने पर गांव हसनपुर-रजापुर निवासी बाबूराम पुत्र डालचंद ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि गत दिवस उसकी पत्नी पिंकी और पुत्री आंचल रोहटा से दवाई लेने के लिए घर से निकली थी और गांव के बस स्टैंड पर खड़ी हुई थी। इस दौरान कार में सवार होकर दो-तीन युवकों के साथ गांव का ही शनि पुत्र भंवर सिंह पहुंचा और उसकी पुत्री को अगवाकर कार में डालकर ले गया। मां ने शोर मचाया, लेकिन जंगल होने के कारण किसी ने नहीं सुनी। इसके बाद पीड़िता मां घर पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते अगवा बेटी को पुलिस से बरामद करने के लिए गुहार लगाई।
वाहन चेकिंग में बाइक चोर गिरफ्तार
मेरठ: टीपी नगर पुलिस ने शनिवार देर रात चेकिंग के दौरान एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चोर ने बताया कंकरखेड़ा से बाइक चोरी की थी। मंडी चौकी इंचार्ज महाराज सिंह ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। दिल्ली रोड स्थित मेवला फ्लाईओवर के नीचे मंडी चौकी इंचार्ज महाराज सिंह चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में बाइक सवार युवक को रोकने का इशारा किया। युवक ने पुलिस को देखकर बाइक की स्पीड बढ़ा दी और मौके से भागने लगा।
तभी पुलिस ने युवक का पीछा कर उसे दबोच लिया और थाने ले आए। पुलिस की पूछताछ में युवक ने अपना नाम चेतन पुत्र स्व. सुरेश निवासी शिवपुरम बताया है। युवक ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने बाइक कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र से चोरी की थी। जिसके बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार का कहना है कि चेकिंग के दौरान युवक से चोरी की बाइक बरामद हुई है। जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।

