- जिलाधिकारी ने अनुवीक्षण टीमों को उनके दायित्व बताए
जनवाणी संवाददाता |
शामली: सोमवार को विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 को समयबद्ध, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कलक्ट्रेट स्थित सभागार में निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण के प्रभारी वरिष्ठ कोषाधिकारी ज्ञानेंद्र पांडेय द्वारा निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण टीमों में तैनात संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों को समय से संपादित कराने के लिए ड्यूटी के दायित्व सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन व्यवस्था को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन को सफल कराना सबकी जिम्मेदारी है, इसलिए जिन-जिन अधिकारियों को जो जिम्मेदारी दी गई है, वह उसके अनुसार अपनी तैयारी सुनिश्चित कर लें। जिलाधिकारी ने निर्वाचन अनुवीक्षण टीमों द्वारा निर्वाचन के संचालन के लिए विभिन्न टीमों यथा वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, लेखा टीम, उड़नदस्ता, स्थाई निगरानी टीम, व्यय अनुवीक्षण नियंत्रण कक्ष एवं कॉल सेंटर टीमों के संबंधित अािकारियों को निर्देश दिए कि इलेक्शन ड्यूटी के दौरान कोविड-19 वैक्सीन की दोनों डोज जरूर लगी हों और मास्क हमेशा पहनना है। साथ ही, निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुसार ही कार्य करना है।

उड़न दस्ता टीम का दायित्व
अधिसूचना के दिनांक से प्रारंभ हो जाएगा। इस टीम का दायित्व धन-बल एवं आदर्श संहिता के दुरूप्रयोग को रोकना होगा। इस टीम द्वारा जब भी किसी के द्वारा या किसी के माध्यम से नकद, शराब या अन्य किसी अन्य वस्तु के वितरण से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो टीम तुरन्त उस स्थान पर पहुंच जाएगी तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र करेगी। रिश्वत की वस्तुएं जब्त करेगी। व्यक्तियों एवं गवाहों से साक्ष्य एकत्र करेंगी। समस्त प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिंग की जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी रिश्वत लेने वाले और रिश्वत देने वाले दोनों के खिलाफ शिकायत/ एफआईआर की प्रति सहायक व्यय प्रेक्षक को भेजी जाएगी जो इसका छाया प्रेषण रजिस्टर में उल्लेख करेंगे।
स्थायी निगरानी टीम
स्थायी निगरानी टीम का कार्य अधिसूचना के दिनांक प्रारंभ हो जायेगा। इस टीम का दायित्व थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर चेक पोस्ट स्थापित किये जाएंगे। चेक पोस्ट को लगाने में सरप्राइज एलीमेंट का ध्यान रखा जाएगा। इस टीम का मुख्य उद्देश्य धन, शराब, हथियार, गिफ्ट का अवैध संचरण को रोकना है। बैठक में अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी ज्ञानेंद्र पांडेय, डिप्टी कलेक्टर शिव प्रकाश के अलावा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी वेदपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

