- शहर के कई चौराहों का किया निरीक्षण, एसपी सिटी समेत अन्य अधिकारी रहे मौजूद
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लॉकडाउन का जायजा लेने के लिए मंगलवार को एडीजी राजीव सभ्भरवाल ने शहर के कई चौराहों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जरुरी दिशा निर्देश भी दिए। उनके साथ एसपी सिटी विनीत भटनागर व एसपी ट्रैफिक समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके बाद एसपी ट्रैफिक ने सघन चेकिंग अभियान चलाया और बिना वजह सड़कों पर घूमने वालों के चालान काटें।
मंगलवार को शहर की सड़कों पर पुलिस ही पुलिस नजर आई। लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए जहां सीओ और थानेदार अपने-अपने क्षेत्रों में सख्ती दिखाते नजर आए तो वहीं एडीजी राजीव सभ्भरवाल, एसपी सिटी विनीत भटनागर और एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव ने हापुड़ अड्डा चौराहे समेत अन्य कई चौराहों का दौरा किया। एडीजी ने पुलिस अधिकारियों को जरुरी दिशा निर्देश देते हुए सरकार की गाइड़ लाइन का सख्ती से पालन कराने को कहा। एडीजी ने हापुड़ अड्डा चौराहा, बेगमपुल, घंटाघर, कमिश्नरी चौराहा व तेजगढ़ी चौराहे पर पहुंचकर लॉकडाउन का जायजा लिया।
एसपी ट्रैफिक ने चलाया अभियान, नहीं मानी सिफारिश
एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव ने मंगलवार को बेवजह सड़क पर घूमने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। हापुड़ अड्डा चौराहे पर एसपी ट्रैफिक ने धड़ाधड़ चालान किए। इस दौरान एक युवक ने भाई को पुलिस में बताते हुए बात कराने का भी प्रयास किया। लेकिन एसपी ट्रैफिक ने किसी की सिफारिश नहीं मानी। इस दौरान पुलिस ने बिना मास्क व हेलमेट के लोगों के जमकर चालान काटे और उन्हें हिदायत दी कि यदि दोबारा से बिना मास्क व हेलमेट के पाए गए तो उनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

