- गांव गंदराऊ में चारागाह की 80 बीघा भूमि कब्जामुक्त
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: गांव गंदराऊ में प्रशासन को चारागाह की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने जांच कर भूमि चिह्नित की थी। जांच में चारागाह की भूमि पर फसलों के अलावा अनाधिकृत निर्माण पाया गया था। प्रशासन ने कब्जाधारियों को नोटिस जारी करते हुए भूमि खाली करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद भी अवैध कब्जे नहीं हटाएं गए थे। शुक्रवार को एसडीएम शिवप्रकाश यादव तथा नायब तहसीलदार गौरव सांगवान ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर भूमि खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी।
भूमि की पैमाइश कराने के बाद खसरा नंबर-36 और 39 की भूमि पर उगाई गई गोभी, गेहूं व सरसों आदि की फसलों को ट्रैक्टर चलवाकर नष्ट करा दिया गया। जबकि भूमि के अन्य हिस्से पर स्थित गैर आवासीय दो भवन, दो चारदीवारी, एक प्लॉट की नींव व एक दीवार को जेसीबी मशीन से ध्वस्त करा दिया गया। टीम ने पुन: अवैध कब्जे करने पर एफआईआर दर्ज कराने की भी चेतावनी दी। प्रशासन की कार्रवाई से कब्जाधारियों में हड़कंप मचा रहा। टीम में लेखपाल मुजक्किर खान, सचिन व सूरज आदि मौजूद रहे।

