जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेंद्र श्रीवास्तव के साथ कोषागार एवं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहर स्थित जे.वी. जैन कॉलेज तथा गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, स्ट्रांग रूम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अभ्यर्थियों को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता है।अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए प्रवेश द्वारों, निगरानी तंत्र एवं संवेदनशील बिंदुओं का भी निरीक्षण किया। साथ ही परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जाएगा।

