- एसडीएम ने बच्चों को खेलों के महत्व के बारे में समझाया
जनवाणी संवाददाता |
खतौली: शुक्रवार को खतौली नगर के प्रसिद्ध विद्यालय गोल्डन हार्ट एकेडमी में दो-दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव ‘उत्साह 2022’ का भव्य शुभारम्भ हुआI खतौली उप-जिलाधिकारी जीत सिंह राय महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जबकि कामनवेल्थ गेम्स 2010 में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला पहलवान अलका तोमर, उनके प्रशिक्षक जबर सिंह सोम तथा क्षेत्र के जाने माने समाज-सेवी डॉक्टर (भूतपूर्व मेजर) हिमांशु सिंह ने विशिष्ट अतिथियों के रूप में इस खेल महोत्सव की शोभा बढ़ाई है।
खेल महोत्सव का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन, खिलाड़ी विद्यार्थियों द्वारा मार्च पास्ट परेड और खेल भावना की शपथ जैसी परंपराओं के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने ज़ुम्बा, एरोबिक्स, योग, डम्बल ड्रिल जैसी कई मनमोहक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की तथा अतिथियों व अभिभावकगण की ख़ूब प्रशंसा बटोरीं, दो दिवसीय इस खेल महोत्सव में प्रथम दिवस पर कक्षा नर्सरी से 5 के विद्यार्थियों के बीच फर्राटा दौड़, बाधा दौड़, रिले दौड़ आदि जैसी कई खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं जिनमें इन छोटे-छोटे विद्यार्थियों ने अपने-अपने हाउस की गरिमा बढ़ाने के लिये जीत के लिए पूरा ज़ोर लगा दियाI इस दौरान उप-जिलाधिकारी जीत सिंह राय ने कहा ऐसा सुव्यवस्थित खेल महोत्सव आयोजित करने के लिये विद्यालय को बधाई दी तथा बच्चों को खेलों का महत्त्व भी समझाया अलका तोमर ने अपने तपस्या रुपी जीवन की कुछ स्मृतियां विद्यार्थी खिलाड़ियों के साथ साझा की और उन्हें खेलों के प्रति समर्पण की भावना रखने का परामर्श दिया।
उनके प्रशिक्षक जबर सिंह सोम ने सभी को अनुशासन और असाधारण परिश्रम करने से मिलने वाली असाधारण उपलब्धियों का बहुमूल्य ज्ञान दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रूहामा अहमद और प्रबन्धक अकील अहमद ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों को खेल महोत्सव में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया। शनिवार को कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थियों की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

