जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: चोट के कारण डेढ़ महीने मैदान से दूर रहे इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर गुरुवार को काउंटी मैच के जरिए क्रिकेट के मैदान पर वापसी करेंगे। आर्चर ने आखिरी बार मार्च में भारत के खिलाफ पांचवां टी-20 मैच खेला था। घर में मछली का टैंक साफ करते समय उनके हाथ में कांच घुस गया था और उन्हें आपरेशन कराना पड़ा था। वह आईपीएल में भी नहीं खेल सके जो बाद में निलंबत हो गई।
आर्चर को केंट के खिलाफ काउंटी मैच के लिए ससेक्स की 13 सदस्यीय टीम में रखा गया है। क्लब की वेबसाइट पर मुख्य कोच इयान सालिस्बरी ने एक बयान में कहा कि दुनिया की कोई भी टीम आर्चर जैसा खिलाड़ी पाकर रोमांचित होगी। उसकी प्रतिभा परिचय की मोहताज नहीं है। आर्चर 2018 के बाद काउंटी चैंपियनशिप में वापसी करेंगे। यह उनके पास दो जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले अपनी फिटनेस साबित करने का भी मौका है।

