- कश्मीर में थे तैनात, गमगीन माहौल में दी गई सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई, गांव में पसरा मातम
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: थाना क्षेत्र के बातनौर गांव निवासी आर्मी के जवान संदीप कुमार की श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। फौजी संदीप का पार्थिव शरीर शुक्रवार को तिरंगा में लिपटा हुआ बातनौर गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया। सैनिक सम्मान के साथ फौजी को अंतिम विदाई दी गई। करीब 45 वर्षीय संदीप कुमार भारतीय सेना में थे। वह फिलहाल जम्मू में तैनात थे।

बताया गया है कि संदीप शर्मा को गुरुवार को हार्टअटैक आ गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। अफसरों ने उनकी मौत की खबर परिजनों को दे दी। जिससे गांव में भी मातम पसर गया। जवान के भाई प्रदीप शर्मा ने बताया कि संदीप शर्मा के परिवार में पत्नी रीना देवी, 16 वर्षीय पुत्र हेमंत शर्मा, पुत्री प्रज्ञा है। संदीप का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।

संदीप के अंतिम दर्शन के लिए गांव के अलावा क्षेत्र के गणमान्य लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए संदीप शर्मा को श्रद्धांजलि दी। गमगीन माहौल में फौजी को अंतिम विदाई दी गई। उनका सैनिक सम्मान से अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान, ग्राम प्रधान पति सजाउद्दीन, पूर्व प्रधान आदेश सैनी, राकेश शर्मा, डा. शकील आदि मौजूद रहे।
संदिग्ध अवस्था में युवक की मौत
रोहटा: शाहपुर-जैनपुर के जंगल में शुक्रवार दोपहर बाद एक व्यक्ति का अर्धनग्न शव ट्यूबवेल की नाली में पड़ा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भिजवाए। शुक्रवार दोपहर बाद रोहटा थाना पुलिस को सूचना मिली कि शाहपुर-जैनपुर के जंगल में देवेंद्र पुत्र हुकम सिंह की ट्यूबवेल के पास नाली में एक व्यक्ति का अर्धनग्न शव पानी में पड़ा हुआ है और पास में ही एक बाइक खड़ी है।

सूचना मिलने पर रोहटा थाने के कार्यवाहक इंचार्ज रविंद्र तालियान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्र के गांव में सूचना भिजवाई गई। कुछ ही समय बाद गांव पूठखास के ग्रामीणों ने वहां पहुंचकर शव की पहचान चांद पुत्र सादक उम्र 35 वर्ष के रूप में की। उसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। पुलिस ने चांद के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भिजवाए।

थाना पुलिस का कहना है कि वह ट्यूबवेल पर स्नान करते समय नाली में मुंह के बल जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। चांद के शरीर पर कोई चोट आदि का भी कोई निशान नहीं मिला है। मृतक की बाइक व उसके कपड़े और चप्पल नलकूप के पास ही रास्ते में खड़ी बाइक पर रखे मिले हैं। मृतक के भाई भूरा ने बताया कि किसी ने बुलाकर उसकी हत्या कर दी हो, इससे भी इनकार नहीं किया जा सकता।
चांद की आठ वर्ष पूर्व शादी हुई थी, लेकिन दंपति में कुछ दिन बाद ही विवाद हो गया था। जिसके एक पुत्र भी पैदा हुआ था। आपसी विवाद के चलते पांच साल पूर्व चांद की पत्नी पुत्र को साथ लेकर मायके चली गई थी। उसके बाद से वह अकेला ही परिवार में रह रहा था और मजदूरी करता था।

