- दो अवर अभियंताओं समेत कई लोगों के साथ मारपीट का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
शामली: 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कलक्ट्रेट के जेई सौरभ कुमार, 33/11 केवी आदर्श मंडी के जेई अनिल कुमार पटेल, टीजी-2 विपिन सरोहा, सेठपाल, आदेश, अक्षय, राजीव व राकेश संविदाकर्मी लाइनमैन शामली टाउन के साथ गुरुवार की अलसुबह करीब साढ़े छह बजे शहर में विद्युत चेकिंग कर रहे थे। जब विभाग की टीम शामली शहर के मोहल्ला पंसारियान निकट आमना मस्जिद के पास फरीदा पत्नी महबूब के मीटर की चेकिं कर रहे थे तो वहां मीटर से पहले कट लगाकर बिजली चोरी होती पाई गई।
जब विभाग की टीम ने दरवाजा खटखटाते हुए उन्हें बुलाया तो मकान से हसीन, सुहेल, मोहसीन, अजीम पुत्रगण वसीम और वसीम पुत्र युनुस बाहर आए तथा एकमत होकर टीम के साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर उक्त लोगों ने टीम पर हमला कर दिया और सरकारी दस्तावेज भी फाड दिए। टीम ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई थी। विभागीय अधिकारियों ने डायल-112 को कॉल कर बुलाया तो पुलिस वहां पहुंची और सभी विद्युतकर्मियों को वहां लेकर कोतवाली पहुंची।
पुलिस ने चोटिल विद्युतकर्मियों का डाक्टरी परीक्षण कराया है। जेई सौरभ कुमार ने कोतवाली में तहरीर दी जिसके बाद पुलिस ने सभी नामजद पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है।

