- आज रात 8 बजे से खरीद सकेंगे, फैंस की नाराजगी के बाद लिया फैसला
मुंबई, वार्ता
वर्ल्ड कप के लीग मैचों की टिकट बिक्री 25 अगस्त को शुरू हुई थी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) वर्ल्ड कप के 4 लाख टिकट रिलीज करेगा। फैंस 8 सितंबर को रात 8 बजे से ये टिकट खरीद सकेंगे। वर्ल्ड कप के लिए भारत के मैचों के टिकट 10 मिनट के अंदर ही बिक गए थे। कई फैंस को टिकट खरीदने का मौका तक नहीं मिल सका था, जिसके बाद उन्होंने इंटरनेट पर नाराजगी जताई थी।
नाराजगी के बाद बीसीसीआई ने कहा कि भारत में फैंस ही क्रिकेट की असली जान है। इसे देखते हुए बोर्ड ने टूर्नामेंट के लिए एक्स्ट्रा टिकट रिलीज करने का फैसला किया। वनडे वर्ल्ड कप 5 अक्टूबर से शुरू होगा। पूरा टूर्नामेंट भारत में ही होना है। बीसीसीआई ने मीडिया रिलीज जारी करते हुए बताया कि बोर्ड टिकट बिक्री के लिए 8 सितंबर को नया फेज शुरू करेगा। बोर्ड ने कहा कि वर्ल्ड कप टिकट की बहुत ज्यादा डिमांड है, इस कारण फैंस को टिकट नहीं मिल पाए।
इसे देखते बोर्ड ने होस्टिंग स्टेट एसोसिएशन से बात की और करीब 4 लाख टिकट रिलीज करने का फैसला किया है। बीसीसीआई ने बताया कि क्रिकेट वर्ल्ड कप की जनरल टिकट सेल्स 8 सितंबर को रात 8 बजे से शुरू होगी। फैंस आईसीसी की आॅफिशियल वेबसाइट से टिकट खरीद सकेंगे।
इसके बाद भी अगर जरूरत पड़ी तो फैंस को अगले फेज की टिकट बिक्री के बारे में इन्फॉर्म किया जाएगा। भारत के वर्ल्ड कप मैचों के टिकट 6 अलग-अलग फेज में बिके थे, लेकिन टिकट बिक्री शुरू होने के कुछ मिनटों में सभी टिकट खत्म हो गए। 3 सितंबर को भारत-पाक मैच के टिकट बिके थे।

