जनवाणी संवाददाता |
जानसठ: भाकियू तोमर ने शनिवार को तहसील में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उसमें उन्होंने किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर कार्रवाई की मांग की है। भाकियू तोमर के जिला अध्यक्ष अखिलेश चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने एसडीएम को एक ज्ञापन देकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने मांग की कि तहसील में भ्रष्टाचार को खत्म किया जाए जिससे किसानों को सुलभ न्याय मिल सके।
5 सूत्री मांग पत्र में उन्होंने खेड़ा 11th माल में गुरमीत ग्रेवाल की भूमि की पैमाइश की मांग की। उन्होंने देवड़ा प्रधान द्वारा मकानों से ऊंचा रास्ता बनाकर पानी कहीं और से निकालने को लेकर ग्रामीणों में रोष की बात बताई। उन्होंने जानसठ से घड़ी मार्ग पर सालों से क्षतिग्रस्त पुलिया को ठीक कराने की भी मांग की। उन्होंने बताया कि पुलिया में गिरकर लोग कई बार घायल हो चुके हैं।
उन्होंने कस्बे के मुख्य मार्गों पर हो रहे अतिक्रमण को भी हटाने की मांग की है। एसडीएम ने उनकी सभी मांगों को सहानुभूति पूर्वक सुनने के बाद शीघ्र ही उनके निस्तारण का आश्वासन दिया है। मोहम्मद मोनिस, आदिल, अखलाक, ज्ञानेंद्र चौधरी, नफीस मेंबर, नितिन शर्मा, पीयूष चौधरी, हाजी शाहिद, डॉक्टर इंतजार, वैभव कंसल, साकिब रजा आदि मौजूद रहे।

