- स्टेट हाईवे-59 पर बाइक डिवाइडर से टकराने पर हुआ हादसा
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: स्टेट हाईवे-59 पर तेज रफ्तार लगातार कहर बरपा रही है। सोमवार की देर रात अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा जाने के कारण एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे में हुई मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली क्षेत्र के गांव खजूरी निवासी 35 वर्षीय सुनील अपने साथी नीटू को लेकर बाइक द्वारा हाईवे से गुजर रहा था।
देर रात करीब 10.30 बजे जैसे ही वह राणा गैस एजेंसी के निकट पहुंचा तो इसी दौरान किसी वाहन को बचाने के चक्कर में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे सडक़ पर गिरने के कारण सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी नीटू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी एचएन सिंह ने बताया कि मृतक सुनील के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

