जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में नई दिल्ली स्थित संसद परिसर में भाजपा सांसदों की दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में सांसदों को उपराष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी प्रक्रियाओं और दायित्वों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी, सबसे पीछे की सीट पर बैठे
इस कार्यशाला की खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें एक आम कार्यकर्ता की तरह शामिल हुए और अंतिम पंक्ति की सीट पर बैठे। गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने पीएम मोदी की एक तस्वीर ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, “एनडीए सांसदों की कार्यशाला में आखिरी पंक्ति में बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ये शक्ति है भाजपा की, यहां हर कोई कार्यकर्ता है।”
जीएसटी सुधारों पर पारित हुआ धन्यवाद प्रस्ताव
सूत्रों के अनुसार, कार्यशाला के दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जीएसटी सुधार को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया। इसके बाद सांसदों ने एकमत से इस प्रस्ताव को पारित किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कर व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाने के प्रयासों की सराहना की।
सांसदों का मानना है कि जीएसटी सुधारों से न केवल आम लोगों पर कर का बोझ घटेगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। पार्टी को उम्मीद है कि इन सुधारों का लाभ उन्हें आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भी मिलेगा।
कार्यशाला में सांसदों की कार्यकुशलता बढ़ाने पर ज़ोर
यह कार्यशाला दो दिनों तक चलेगी और इसमें पार्टी के इतिहास, विचारधारा, संगठनात्मक विकास और सांसदों की कार्यकुशलता बढ़ाने के तरीकों पर विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। यह पहल भाजपा द्वारा अपने जनप्रतिनिधियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशिक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बाढ़ के कारण रद्द हुआ एनडीए सांसदों का रात्रिभोज
8 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास पर एनडीए सांसदों के लिए प्रस्तावित रात्रिभोज रद्द कर दिया गया है। यह निर्णय देश के विभिन्न हिस्सों में आई बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए लिया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा आयोजित रात्रिभोज भी इसी कारण स्थगित किया गया था। रात्रिभोज का आयोजन उपराष्ट्रपति चुनाव से एक दिन पहले किया जाना था।
बाढ़ से बिगड़ी स्थिति
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और गुजरात समेत देश के कई राज्य भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं। इसको देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने प्रभावित राज्यों की स्थिति की समीक्षा बैठक बुलाई है और संभावित दौरे की तैयारी भी की जा रही है। इसी कारण राजग सांसदों का भोज कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।

