जनवाणी संवाददाता |
नांगल सोती: वन विभाग और राजस्व विभाग और किसानों में सीमा को लेकर दशकों से चल रहे विवाद पर भाकियू के नेता दिगम्बर सिंह ने वन अधिकारियों से वार्ता के बाद दो टूक कहा कि जल्द ही किसानों को उनकी भूमि पर कब्जा दिलाया जायेगा।
नांगल के गंगा खादर में खसरा नम्बर 01, 251, 252, 253 आदि में किसानों और वन विभाग और ग्राम पंचायत की भूमि दर्ज है लेकिन वन विभाग का कोई सीमांकन नही होने से आये दिन किसानों और वन विभाग में विवाद होता रहता है। 2 वर्ष पूर्व वन विभाग ने नांगल के सैकड़ों किसानों से हजारों बीघा भूमि यह कहकर खाली करा ली थी कि यह वन विभाग का क्षेत्र है।
जबकि ये किसान इस भूमि पर सैकड़ों वर्षों से खेती कर रहे थे। जब से ये किसान अपनी भूमि पर कब्जा पाने के लिए राजस्व विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के चक्कर काट रहे है। इस सम्बंध में भारतीय किसान यूनियन के नेता चौधरी दिगम्बर सिंह ने राजगढ़ रेंज के कार्यवाहक रेंजर बीपी सिंह से वार्ता करके कहा कि वन विभाग जल्द ही सीमा विवाद का निस्तारण करे नही तो भाकियू जल्द ही किसानों को उनकी भूमि पर कब्जा दिलायेगी। वही कार्यवाहक रेंजर ने बताया कि एक जून से सीमांकन किया जाएगा।

