- पुराना कस्बा में बाइक में टक्कर मारने को लेकर हुआ संघर्ष
- पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: केतीपुरा मोहल्ले में सोमवार की दोपहर को बाइक में टक्कर मारने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया है, जिसमें दो महिला सहित तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नगर के पुराना कस्बा स्थित केतीपुरा मोहल्ले में दिलशाद का आरोप है कि उनके घर के सामने बाइक खड़ी थी और इसी दौरान दूसरे पक्ष से आशिफ पिकअप लेकर आया है और उसने बाइक में टक्कर मार दी।

उन्होंने जब विरोध किया तो उसने अपने दो दर्जन के करीब साथियों को वहां बुला लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते हुए हमलवारों ने पथराव भी शुरू कर दिया। पथराव से दिलशाद की मां बानो, गर्भवती भाभी आशमा व पिता शौकीन गंभीर रूप से घायल हो गए है।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस में हडकंप मच गया और भारी संख्या में पुलिसकर्मी पुराना कस्बे में पहुंचे। पुलिस ने पथराव कर रहे आरोपियों को वहां से खदेड़ा और घायलों को उपचार के लिए बागपत सीएचसी में भर्ती कराया। साथ ही पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

