- गोली मारने की धमकी देकर छात्रा को किया अगवा
- रामभूल कन्या स्मारक डिग्री कॉलेज की छात्रा संग वारदात
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: छात्राओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार द्वारा गठित एंटी रोमियो का मनचलों में कोई खौफ नहीं रहा।कस्बे में स्थित रामभूल कन्या स्मारक डिग्री कॉलेज में परीक्षा देने जा रही छात्रा को दबंग ने दुस्साहस दिखाते हुए दिनदहाड़े ई-रिक्शा से खींचकर सरेराह छेड़छाड़ कर दी। इतना ही नहीं जबरन बाइक बैठाकर छात्रा को अगवा करके जुबान खोलने पर गोली मारने की धमकी दी गई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने थाने पर नामजद तहरीर दी है।
यह सनसनी खेज मामला कस्बे में स्थित रामभूल कन्या स्मारक डिग्री कॉलेज में बीए की छात्रा संग बुधवार को सवेरे उस समय पेश आया जब छात्रा कॉलेज जाने के लिए ग्राम पिलोना में बस का इंतेजार कर रही छात्रा पिलोना से ई रिक्शा में सवार होकर फलावदा आ रही थी।
बताया गया है कि सकोती गांव के एक दबंग युवक ने छात्रा को अतंकित करके रास्ते में जबरन ई रिक्शा से उतारकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। उसे अगवा करके उसके साथ छेड़छाड़ की गई। छात्रा ने बताया कि कॉलेज के सामने पहुंचते ही उसने जब शोर मचाया तो आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया तथा उसने जुबान खोलने पर गोली मारने की धमकी।
छात्रा ने कॉलेज में प्रधानाचार्य को वाकिया बताया।तत्पश्चात परिजनों को छात्रा के साथ हुई वारदात की जानकारी हुई। परीक्षा संपन्न होने के बाद परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए बताया कि एक वर्ष पूर्व भी आरोपी ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की थी, लेकिन उस समय ग्रामीणों ने जबरन फैसला करा दिया गया था। पुलिस ने तत्काल गांव में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
थाना प्रभारी राजेश कुमार कांबोज ने बताया कि मामले में कार्यवाही की जायेगी।

