जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: आगामी 24 से 26 जनवरी की अवधि में उत्तर प्रदेश दिवस-2023 को समारोह पूर्वक मनाया जायेगा। इस आयोजन में प्रदेश के समस्त विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में भी इस अवसर पर राज्य स्तरीय आयोजन किया जायेगा। इसके लिए प्रत्येक जनपद को संस्कृति विभाग द्वारा 3 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करायी जायेगी। इस सम्बंध में प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की ओर से समस्त जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किये गये हैं।
मुख्य सचिव द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि खादी एवं ग्रामोद्योग एमएसएमई एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा इस अवसर पर ओडीओपी के स्टॉल लगाकर उत्पादों का विक्रय एवं प्रचार-प्रसार किया जायेगा। जिला स्तर पर प्रत्येक जिले में तीन दिवसीय केंद्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाय। जिसमें सूचना, पर्यटन, एमएसएमई, खादी ग्रामोद्योग, संस्कृति तथा शिक्षा विभाग के साथ अन्य विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाय।
मुख्य सचिव ने निर्देशों में यह भी कहा है कि इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा वर्तमान सरकार की उपलब्धियों से सम्बंधित योजनाओं तथा कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगायी जाय, जिससे सरकार की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंच सके। खेल विभाग द्वारा ग्रामीण स्तर के खेलों जैसे-खो-खो, कबड्डी, शूटिंग बॉल, बालीबाल, बाल क्रिकेट, टेनिस, दौड़, बाधा दौड़ आदि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कराते हुए खेलों का प्रदर्शन कराया जाय। इस अवसर पर खेल विभाग द्वारा खेल से सम्बंधित विभिन्न पुरस्कारों का वितरण भी किया जाय।
उत्तर प्रदेश दिवस-2023 का आयोजन कराये जाने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाय। राज्य सरकार की योजनाओं से संबंधित सभी विभागों के सम्बंधित अधिकारियों को सदस्य के रूप में नामित करते हुए प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाय। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार द्वारा उत्तर प्रदेश की यात्रा से सम्बंधित संकलित अभिलेखों की प्रदर्शनी का आयोजन सभी कार्यक्रम स्थलों पर किया जाय। इसका उद्देश्य नवीन पीढ़ी को उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा की जानकारी उपलब्ध कराना है।

