- खेल दिवस पर मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब पर प्रतियोगिता शुरू
जनवाणी संवाददाता |
शामली: मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाते हुए मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब लिलौन पर दो दिवसीय निशानेबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सोमवार को कई जनपदों के अलावा पड़ोसी राज्य पानीपत के निशानेबाजों ने भी प्रतिभाग किया। मंगलवार को खेलों का समापन होगा।
सोमवार को मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब लिलौन में निशानेबाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी मास्टर सुधीर तोमर ने फीता काटकर किया। मुखिया अतिथि मास्टर सुधीर तोमर ने कहा कि बच्चों को आगे बढ़ने के लिए अपना 100 प्रतिशत ध्यान खेल और पढ़ाई पर देना होगा। खानपान का भी खेलों में बहुत बड़ा रोल है। अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए फास्ट फूड को त्याग करें। वहीं प्रतियोगिता के एयर रायफल पीप साइट जूनियर स्पर्धा में मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब के निखिल मलिक, राहुल कुमार, शोएब मलिक बढ़त बनाए हुए है। एयर पिस्टल जूनियर स्पर्धा में बड़ौत के वंश चिकारा, मंसूरी क्लब के अवनीश कुमार और मंसूरी क्लब के ही शुभ पंवार बढ़त बनाए हुए है।
एयर पिस्टल वुमन स्पर्धा में मुजफ्फरनगर की आयुषी, बड़ौत की आरजू और एल्पाइन स्कूल थानाभवन की अनुष्का राणा बढ़त बनाए हुए है। एयर पिस्टल अंडर 12 स्पर्धा में मुनव्वर मंसूरी रायफल क्लब के अभय तोमर, बड़ौत के भानु और मंसूरी क्लब के लाभ पंवार बढ़त बनाए हुए है। एयर राइफल स्पर्धा सब जूनियर में मंसूरी क्लब के शोएब अंसारी, अक्ष चौहान, रुद्र चौहान बढ़त बनाए हुए है। मैच रेफरी अवनीश कुमार, अभिषेक मलिक व आरिश रहे। इस मौके पर क्लब अध्यक्ष मुनव्वर मंसूरी, सचिन पंवार, प्रमोद धीमान, कपिल शर्मा, क्लब कोच नदीम मंसूरी आदि मौजूद रहे।

