- जिला गंगा समिति की बैठक में सीडीओ शंभूनाथ तिवारी के निर्देश
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति एवं पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने समीक्षा करते हुए सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदियों के किनारे लगने वाले वृक्षों की प्रजाति का भी विशेष रुप से ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि गांव में पशुचर की भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए और वहां पर वृक्षारोपण तथा भूमि बैंक बनाया जाए।
बैठक में समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने जैव विविधता समिति का गठन व जैव विविधता रजिस्टर तैयार कर डीएफओ कार्यालय को पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में अब तक उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने जैव विविधता समिति का गठन व रजिस्टर तैयार कर रिपोर्ट संबंधित को उपलब्ध कराए जाएं। बैठक में समीक्षा करते हुए ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। सीडीओ ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पानी के नमूने व उनकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला गंगा समिति की बैठक में यमुना, कृष्णा नदी के किनारे जो भी गांव हैं, उनमें नदी के किनारे गंगा चबूतरा बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में औषधि वाटिका बनाकर उसमें सहजन, नीम, आंवला, तुलसी आदि के वृक्ष को प्रमुखता दी जाए।

