जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के विरोध में कांग्रेस ने महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के नेतृत्व में सद्बुद्धि यात्रा निकाली। यात्रा महानगर कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर घंटाघर स्थित हनुमान मंदिर पर पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार को सद्बुद्धि देने तथा मामले के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रार्थना की।इस मौके पर महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने आरोप लगाया कि सरकार चढ़ावा चोरी के आरोपियों को संरक्षण दे रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री छोटे-छोटे मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन श्री राम मंदिर में हुई कथित चोरी के मामले पर मौन हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आरोपियों को बचाने का प्रयास क्यों किया जा रहा है। त्यागी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने श्री राम मंदिर को राजनीति का अखाड़ा बना दिया है और मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों को ट्रस्ट में स्थान नहीं दिया गया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ताओं को ट्रस्ट में शामिल किए जाने पर भी सवाल उठाए।
इस दौरान पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, प्रवीण चौधरी और मुजफ्फर अली ने भी विचार व्यक्त किए। यात्रा में पूर्व पार्षद चंद्रजीत सिंह, वरुण शर्मा, इमरान कुरैशी, अनुज शर्मा, हरिओम मिश्रा, राजकुमार भारद्वाज, यूनुस सिद्दीकी, इकराम खान, अरविंद पालीवाल, रेखा धीमान, रीता बब्बर, रवि कुमार, भागमल सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

