जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों के आतंकवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त ऑपरेशन के दौरान प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के टॉप कमांडर जाकिर गनई को मार गिराया गया। उसके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। वहीं, एक अन्य आतंकी की तलाश में पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) शोपियां ने सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के साथ संयुक्त अभियान में लश्कर के एक आतंकवादी को मार गिराया। पुलिस ने अपने संदेश में कहा, “तुम भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते।”
चार दिन पहले शुरू हुआ था ऑपरेशन
अधिकारियों के अनुसार, शोपियां के मीमंदर इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया सूचना मिलने के बाद 3 जुलाई को संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया था। घने बागों और आसपास के सात गांवों में सुरक्षा बलों ने व्यापक घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
ऑपरेशन के दौरान सेना की काउंटर-इंसर्जेंसी यूनिट विक्टर फोर्स ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर आतंकियों के भागने के सभी संभावित रास्तों को सील कर दिया।
निगरानी कैमरों में दिखे थे आतंकी
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, 3 जुलाई को मीमंदर क्षेत्र में लगे निगरानी कैमरों में दो संदिग्ध आतंकवादी दिखाई दिए थे। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की।
पहलगाम हमले से भी जुड़ा था जाकिर
सुरक्षा रिकॉर्ड के अनुसार, मारा गया आतंकी जाकिर गनई दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले का रहने वाला था और वर्ष 2024 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था। उसका नाम पहलगाम आतंकी हमले में भी सामने आया था।
दूसरा आतंकी लतीफ, जो कुलगाम का ही निवासी बताया जा रहा है, पिछले वर्ष आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। सुरक्षाबल उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

