- पहली पाली में 18 और दूसरी पाली में 20 प्रतिशत ने छोड़ी सीटीईटी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: रविवार को जिले 83 केंद्रों पर सीटीईटी परीक्षा आयोजित की गई। जिसकी पहली पाली में 82 प्रतिशत उपस्थित रहे और 18 प्रतिशत अनुपस्थित। वहीं दूसरी पाली में 80 प्रतिशत ने परीक्षा दी और 20 प्रतिशत ने छोड़ दी। दोनों पालियों को देखे तो 12 हजार 417 ने परीक्षा छोड़ी। कुल उपस्थिति दोनों पालियों को मिलाकर 81 प्रतिशत रही।

हालांकि पहली पाली वाले परीक्षार्थियों ने ही दूसरी पाली में भी परीक्षा दी है। इसके अलावा परीक्षा में किसी भी तरह की कोई शिकायत सामने नही आई, लेकिन परीक्षार्थियों व अभिभावकों ने कुछ केंद्रों में जल्दी बुलाकर देरी से प्रवेश व सामान न रखे जाने की व्यवस्था होने की बात कही।
वहीं परीक्षा छूटने के बाद दोनों पालियों में जाम की स्थिति रही। सीटीईटी की परीक्षा में शहर में सुबह से ही परीक्षार्थियों की भागम भाग देखने को मिली। दूर दराज से आने वाले परीक्षार्थी बस अड्डे, रेलवे स्टेशन आदि से भागते दौड़ते हुए दिखाई दिए। वहीं कुछ अपने अपने वाहनों से भी परीक्षा देने पहुंचे थे।
परीक्षा के लिए केंद्रों पर सुबह साढ़े सात बजे से एंट्री थी और दूसरी पाली में 12 बजे से एंट्री शुरू थी। साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग के साथ एंट्री दी गई और पहली पाली की परीक्षा होने के बाद दूसरी पाली के लिए केंद्र को पूरा सैनिटाइज करवाया गया। साथ ही कोविड की गाइडलाइंस को फोलो करने के लिए जगह जगह कुछ केंद्रों पर मास्क व सैनिटाइजर भी रखा गया।

पहली पाली में 18 व दूसरी में 20 प्रतिशत रहे अनुपस्थित
सीटीईटी में पहली पाली में 34 हजार 496 रजिस्टर्ड, उपस्थित हुए 28 हजार 291 और अनुपस्थित रहे 6205, वहीं दूसरी पाली में 31 हजार 512 रजिस्टर्ड, उपस्थित हुए 25 हजार 300, अनुपस्थित 6212 रहे। कुल मिलाकर पहली पाली में 82 प्रतिशत की उपस्थिति, 18 प्रतिशत अनुपस्थित, दूसरी पाली में 80 प्रतिशत उपस्थिति, 20 प्रतिशत अनुपस्थित रहे। कुल दोनों पालियों को मिलाकर 81 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। हालांकि पहली पाली में जिन परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, वही दूसरी पाली में भी रहे।

जल्दी बुलाकर देर से प्रवेश पर कुछ परीक्षार्थी हुए परेशान
सीटीईटी में कुछ परीक्षार्थियों ने बताया कि उन लोगों को सुबह साढ़े सात बजे एंट्री की सूचना थी और वह सभी केंद्र पर पहुंच गए, लेकिन केंद्र ने गेट बहुत देर से खोला और सामान भी अंदर नही रखने दिया। सामान को लेकर कुछ कालोनी के लोगों ने परीक्षार्थियों के सामान को रखने में मदद की।
उनके पर्स, मोबाइल, टिफिन आदि को अपने यहां पर रखने की व्यवस्था बनाई। वहीं इस बारे में सिटी कोआॅर्डिनेटर सुधांशु शेखर का कहना है कि सुबह साढ़े सात बजे से उन केंद्रों पर एंट्री थी, जहां पर परीक्षार्थी बहुत ज्यादा थे और कोविड की गाइडलाइन का पालन हो व दूरी भी बनाई जाए।
जिन केंद्रों पर बहुत कम परीक्षार्थी रहे, वहां पर गेट परीक्षार्थी की संख्या को देखते हुए खोला गया और समय से प्रवेश दिया गया। वहीं सामान रखने को लेकर परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र पर पूरी गाइडलाइंस दी गई हैं। अंदर क्या लेकर जा सकते हैं और क्या नही।
पेपर परीक्षार्थियों ने बताया कि पहली पाली का पेपर सरल रहा और दूसरी पाली का पेपर कठिन आया। दूसरी पाली में सोशल साइंस का पेपर को लेकर परीक्षार्थी खूब परेशान हुए। उन्होंने बताया कि पेपर में सवाल घुमाकर पूछे गए।
पल्लवपुरम में सात केंद्रों पर आयोजित हुई सीटेट परीक्षा
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में सीटेट परीक्षा सात केंद्रों पर संपन्न कराई गई परीक्षा केंद्र पर पुलिस की कड़ी सतर्कता रही। दो पालियों में परीक्षा आयोजित हुई पल्लवपुरम में दयावती मोदी एकेडमी सक्सेस इंटरनेशनल स्कूल सुभाष पब्लिक स्कूल पुलिस मॉडर्न स्कूल कुबेर स्कूल एवं और इंटरनेशनल स्कूल में सीटेट के परीक्षा केंद्र बनाए गए पल्लवपुरम थाना प्रभारी देवेश शर्मा ने बताया कि सभी केंद्रों पर से कुशल परीक्षा संपन्न कराई गई परीक्षा सुबह और शाम दो पालियों में आयोजित हुई। परीक्षा केंद्र पर पुलिस मुस्तैदी के साथ तैनात रही। कड़ी सुरक्षा बंदोबस्त में परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू कराई गई।

