जनवाणी संवाददाता |
रामपुर मनिहारान: एनएसयूआई के छात्रों ने छात्र संघ चुनाव की बहाली की माँग को लेकर गोचर महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर धरना प्रदर्शन किया। बाद में माँ शाकुम्भरी देवी विश्व विद्यालय के कुलपति के नाम सम्बोधित ज्ञापन प्राचार्य को सौंपा।
मंगलवार को एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष पराग पँवार गुर्जर के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र गोचर महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचे और छात्र संघ चुनाव की माँग को लेकर प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। इस दौरान यूनियन के जिलाध्यक्ष पराग पँवार गुर्जर ने कहा कि विगत कई वर्षों से महाविद्यालय में छात्र संघ के चुनाव नहीं हो रहे हैं जिसे लेकर छात्रों में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि छात्र नेता न होने के कारण छात्रों को अपनी समस्याओं स्कॉलरशिप, लाइब्रेरी कार्ड, फीस को लेकर सुनवाई आदि को कालिज प्रबंधन तक पहुँचाने में विलम्ब हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे छात्रों के भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है। छात्र संघ चुनाव न होने के कारण क्षेत्र में राजनीतिक स्तर भी गिरता जा रहा है। इसलिए सभी छात्र छात्र संघ चुनाव के माध्यम से अपना एक प्रतिनिधि चुनना जरूरी समझते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि धरना प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक कुलपति की ओर से छात्र संघ के चुनाव कराने का समुचित आश्वासन नहीं मिल जाता। बाद में छात्रों ने महाविद्यालय के प्राचार्य डाक्टर ओमकार सिंह को कुलपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान आकाश प्रधान, निशांत पँवार, उज्ज्वल कैंडल, विशाल, अंकित, आकाश कुमार, सचिन, आदित्य पँवार, रजत, संयम, प्रियांशु, देवा, शिवम पँवार आदि सहित काफी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

