जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: स्मार्ट सिटी चेयरमैन व मंडलायुक्त डॉ.लोकेश एम ने सोमवार को स्मार्ट सिटी के तहत महानगर में बनाये जा रहे विभिन्न मार्गो और कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जीपीओ रोड पर पोस्ट ऑफिस वाली साइड 30 दिसम्बर तक तथा घंटाघर से एसएएम इण्टर कॉलेज तक बनने वाली सड़क एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी सीईओ/नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज व नगर विधायक राजीव गुंबर तथा अन्य अधिकारी भी साथ रहे।
मंडलायुक्त डॉ.लोकेश एम सोमवार की सुबह नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज के साथ कोर्ट रोड पहुंचे और पार्किंग जल्दी बनाने के निर्देश दिए।
घंटाघर पर धूल का गुबार देखकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए पानी का छिड़काव कराने को कहा। विधायक राजीव गुुंबर व पार्षद पुनीत चौहान ने सड़क निर्माण में देरी के कारण लोगों को हो रही परेशानी से अवगत कराया। मंडलायुक्त ने घंटाघर से एसएएम कॉलेज तक बिजलीघर वाली साइड की सड़क पानी सप्लाई लाइन का कार्य पूरा कराते हुए एक सप्ताह में पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद मंडलायुक्त ने कल्पना सिनेमा से मेला गुघाल गेट तक कराये जा रहे इण्टर लॉकिंग कार्य को गुणवत्ता के साथ जल्दी पूरा कराने, ओल्ड म्युनिसपिल रोड पर टूटे मेनहॉल तत्काल ठीक कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था की होगी।
मंडलायुक्त ने रायवाला रोड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इस बात पर नाराजगी जाहिर की कि नाला निर्माण कार्य की फिनिशिंग का कार्य नहीं किया गया है जबकि कार्यदायी संस्था को पूर्व में सुधार के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है। उन्होंने नाला फिनिशिंग कार्य तुरंत कराने को कहा। उन्होंने स्थान-स्थान पर सड़क की उखड़ी बजरी दिखाते हुए उसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। पार्षद मनोज जैन, सुनील शर्मा, रायवाला कपड़ा मार्किट के चेयरमैन संजय अरोड़ा, अध्यक्ष अजय कालरा, धर्मेन्द्र खन्ना व दीपक सचदेवा आदि ने मार्किट में शौचालय व्यवस्था और नाला निर्माण कराने की मांग की। नगर विधायक राजीव गंुबर व व्यापारी नेता शैलेंद्र भूषण गुप्ता ने रायवाला चौक पर सड़क किनारे खडे़ बिजली के पोल हटवाने का सुझाव दिया। जिस पर मंडलायुक्त ने बिजली विभाग से समन्वय स्थापित कर बिजली पोल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने रायवाला-प्रताप नगर चौक पर नाले की क्रॉसिंग कार्य का निरीक्षण करते हुए उसे भी शीघ्र पूरा कराने को कहा।
मंडलायुक्त लोकेश एम ने थाना परिसर के पीछे निगम के पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया और व्यापारियों के अनुरोध पर नगर निगम को थाने के पीछे शौचालय व यूरिनल शीघ्र बनाने के लिए कहा। मंडलायुक्त ने जीपीओ रोड कार्य जल्दी से जल्दी बनाने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था आरसीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर धर्मेश ने पोस्ट ऑफिस वाली साइड 30 दिसम्बर तक पूरा करने का आश्वासन दिया। नगर विधायक ने सुझाव दिया कि एक साइड पूरी होने के बाद ही दूसरी ओर की साइड का कार्य शुरु किया जाए। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी सी पी सिंह, डीजीएम सिविल दिनेश सिंघल, अधिशासी अभियंता अमरेन्द्र गौतम, प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र सिंह व आरसीसी के इलेक्ट्रिक इंजीनियर आशीष दुबे, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बी एस नेगी आदि शामिल रहे।

