नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। वेटरन फिल्म निर्देशक चंद्र बरोट का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने मुंबई के बांद्रा इलाके स्थित एक अस्पताल में रविवार को अंतिम सांस ली। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे चंद्र बरोट के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। चंद्र बरोट को 1978 में रिलीज़ हुई अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म ‘डॉन’ के निर्देशन के लिए विशेष रूप से याद किया जाता है।
7 साल से चल रहा था ट्रीटमेंट
चंद्र के निधन की जानकारी उनकी पत्नी दीपा बरोट ने दी। दीपा ने बातचीत में बताया कि वो पल्मोनरी फाइब्रोसिस से जूझ रहे थे। बीते 7 साल से उनका ट्रीटमेंट चल रहा था।
फरहान अख्तर ने दी श्रद्धांजलि
डॉन की तीसरी किस्त का निर्देशन कर रहे फरहान अख्तर ने इंस्टाग्राम पर चंद्र बरोट को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा ‘यह जानकर दुख हुआ कि डॉन के निर्देशक अब नहीं रहे। चंद्र बरोट जी की आत्मा को शांति मिले। परिवार के प्रति गहरी संवेदना।’
निर्देशन में रखा कदम
चंद्र बरोट ने डॉन के साथ निर्देशन में कदम रखा। यह फिल्म अभिनेता-निर्माता नरीमन ईरानी द्वारा फिल्म ‘जिंदगी जिंदगी’ (1972) की असफलता के बाद रिलीज हुई। ईरानी की मदद के लिए, बरोट और उनकी टीम ने इस परियोजना को अपने हाथ में लिया और लेखक सलीम-जावेद को शामिल किया।

