जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: गांव पीकी स्थित संत गुरु रविदास आश्रम पर नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में सहारनपुर परिक्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के अंतर्गत यह अभियान चलाया गया। अभियान सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देशन में किया गया।
इस अवसर पर पुवारका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रविंद्र धामा, हेड कांस्टेबल मोहित कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के साथ गांव की गलियों में पैदल भ्रमण किया। पुलिस ने नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि नशा तस्करी, अनैतिक गतिविधियों और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि प्रभावशाली होने के बावजूद अपराधियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की गई। गांव में नशा मुक्ति को लेकर बनी समिति की सक्रिय भूमिका की भी सराहना की गई। बताया गया कि पिछले करीब चार माह से समिति लगातार बैठकें कर रही है, युवाओं को समझाने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सा परामर्श और इलाज की व्यवस्था भी कराई जा रही है।
इस दौरान ग्राम पीकी की नशा मुक्ति अभियान टीम के सदस्य सतीश सहगल, राकेश पुंडीर, चमन लाल, मोहम्मद आशिक, मोहम्मद इमरान, अरुण, मनीष, मोनू, राजेंद्र, मास्टर मदनपाल सहित बड़ी संख्या में ग्राम के संभ्रांत लोग उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने नशा मुक्त गांव के संकल्प को दोहराते हुए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

